1योनातान ने देखा कि स्थिति उसके अनुकूल है; इसलिए उसने कुछ लोगों को चुन कर रोम भेजा, जिससे वह रोमियों के साथ मित्रता का संबंध फिर स्थापित करे। 2उसने स्पार्तावासियों और अन्य स्थानों के लोगों को इस आशय से पत्र भेजे। 3वे रोम आये और वहाँ उन्होंने परिषद् में यह कहा, "प्रधानयाजक योनातान और यहूदी लोगों ने हमें आपके पास भेजा हैं, जिससे हम आपके साथ मित्रता का संबन्ध फिर स्थापित करें और सन्धि करें"। 4परिषद् ने उन्हें हर प्रदेश के अधिकारियों के नाम पत्र दिये, जिससे वे सकुशल यूदा पहुँचने में उसकी सहायता करें। 5योनातान ने स्पार्तावासियों के नाम जो पत्र लिखा, उसकी प्रतिलिप इस प्रकार है: 6"प्रधानयाजक योनातान, यहूदी परिषद, याजकों और यहूदी प्रजा का स्पार्ता के भाइयों को नमस्कार। 7आज से पहले भी आप लोगों के राजा अरीयस ने प्रधानयाजक ओनियस को पत्र भेजा, जिसकी प्रतिलिपि इस पत्र के साथ-साथ भेजी जा रही है। 8ओनियस ने उस दूत का सादर स्वागत किया था। उस से वह पत्र मिला था, जिस में संधि और मित्रता का प्रस्ताव किया गया था। 9यह सच है कि हमें इस प्रकार के संबंध की आवश्यकता नहीं हैं, क्योंकि हमारे हाथ में जो धर्मग्रंथ विद्यमान हैं, उस में हमें सान्त्वा मिलती है। 10फिर भी हमने दूत भेज कर संधि और मित्रता फिर स्थापित करने का प्रयत्न किया, जिससे हम आपकी दृष्टि में पराये न हो जायें; क्योंकि आपके पिछले पत्र के बाद बहुत समय बीत गया है। 11हम महापर्वों और अन्य निश्चित दिवसों पर अपने बलिदानों और प्रार्थनाओं में सदा आप लोगों को याद करते हैं, जैसे अपने भाइयों का स्मरण करना उचित और आवश्यक है। 12हमें आपकी महिमा का गर्व है। 13इस बीच हमारे बुरे दिन आये; हम पर अनेक आक्रमण हुए और हमारे पड़ोसी राजाओं ने हम से युद्ध किया। 14लेकिन इन लडाइयों में हमने अपने संधिबद्ध मित्रों को कष्ट नहीं देना चाहा; 15क्योंकि हमारी सहायता का स्रोत ईश्वर था, वहीं से हमें सहायता मिलती रही। अब हम अपने शत्रुओं से मुक्त हो गये। हमारे शत्रुओं को नीचा दिखाया गया। 16इसलिए हम अंतियोख के पुत्र नूमेनियस और यासोन के पुत्र अंतीपातेर को चुन कर रोमियों के यहाँ भेज रहे हैं, जिससे वे वहाँ जा कर उनके साथ संधि और मित्रता का संबंध पहले की तरह स्थापित करें। 17हमने उन्हें आदेश दिया है कि वे आप लोगों के पास भी जायें, आप को नमस्कार करें और हमारा पत्र आप को दें, जिस में सन्धि के नवीनीकरण और मित्रता का संबंध फिर स्थापित करने का प्रस्ताव हैं। 18आप इसका उत्तर देने की कृपा करें।" 19उन्होंने जो पत्र ओनियस को भेजा, उसकी प्रतिलिपि इस प्रकार है: 20"स्पार्तावासियों के राजा अरीयस का महायजक ओनियस को प्रमाण। 21स्पार्तावासियों और यहूदियों के संबंध में एक अभिलेख से मालूम होता हैं कि दोनों भाई हैं और दोनों इब्राहीम के वंशज हैं। 22जब हम लोग यह जानते हैं, तो आपकी हम पर बड़ी कृपा होगी, यदि आप अपने कुशल-क्षेम के विषय में हमें पत्र देंगे। 23हम आप से यह कहते है कि आपके पशु और आपकी संपत्ति हमारी है और जो कुछ हमारा है, वह आपका है। हम यह आदेश देते हैं कि आप को इसकी सूचना दी जाये।" 24योनातान ने सुना कि देमेत्रियस के सेनापति पहले से भी बड़ी सेना ले कर उस से लडने आ रहे हैं। 25इस पर वह येरूसालेम से चल पड़ा और हमात प्रदेश में उनका सामना करने गया। वह उन्हें अपने देश में पैर रखने का अवसर नहीं देना चाहता था। 26उसने उनके पड़ाव में गुप्तचर भेजा, जिन्होंने लौट कर बताया कि वे यहूदियों पर इसी रात आक्रमण करने की तैयारियाँ कर रहे हैं। 27योनातान ने सूर्यास्त के बाद अपने आदमियों को आदेश दिया कि वे जगे रहें और सारी रात अस्त्र-शस्त्र से लैस लडने को तैयार बैठे रहें। उसने पड़ाव के आसपास पहरे बिठा दिये। 28जब शत्रुओं ने देखा कि योनातान और उसके आदमी युद्ध के लिए तैयार हैं, तो वे भयभीत और निरुत्साह हो गये और उन्होंने अपने पड़ाव में जगह-जगह आग जलायी। 29योनातान और उसके आदमियों को सबेरे तक यह पता नहीं चला कि शत्रु खिसक गये हैं; क्योंकि वे आग जलते देखते रहें। 30योनातान ने उनका पीछा किया, किंतु वह उन्हें पकड नहीं पाया; क्योंकि वे एलूथरस नदी के पार जा चुके थे। 31इसलिए योनातान उन अरबों की ओर चल पडा, जो ज़बादी कहलाते हैं। उसने उन्हें हरा दिया और लूटा। 32वह पड़ाव उठा कर दमिश्क पहुँचा और उसने उस समस्त प्रदेश का भ्रमण किया। 33उधर सिमोन भी चल कर अशकलोन और उसके आसपास के गढों तक आ पहुँचा था। फिर उसने याफ़ा की ओर मुड कर उस पर अधिकार कर लिया; 34क्योंकि उसने यह सुना था कि वहाँ के निवासी वह गढ देमेत्रियस के लोगों को देना चाहते हैं। इसलिए उसने उसकी रक्षा करने के लिए वहाँ एक सेना-दल रख दिया। 35योनातान ने लौट कर जनता के नेताओं की एक सभा बुलायी और यह निश्चय किया कि यहूदिया के गढ़ों का पुनर्निर्माण किया जाये, 36येरूसालेम की दीवार और ऊँची कर दी जाये तथा गढ़ और नगर के बीच एक बड़ी ऊँची दीवार उठायी जाये, जिससे गढ़ नगर से एकदम अलग हो जाये, और वहाँ बसने वाले लोग नगर में न कुछ खरीद सकें और न बेच सकें। 37उन्होंने मिल कर नगर का पुनर्निर्माण किया, क्योंकि नाले वाली दीवार का, जो पूर्व की ओर थी, एक भाग गिर गया था। उसने खफेनाथा नाम के मुहल्ले की भी मरम्मत करायी। 38सिमोन ने भी निचले प्रदेश के अदीदा का निर्माण किया और उस सुदृढ़ बनाया उसने उस में फाटक और अर्गलाएँ लगायीं। 39त्रीफ़ोन एशिया का राजा बनना, अपने सिर पर मुकुट पहनना और राजा अन्तियोख का वध करना चाहता था। 40किन्तु यह सोच कर कि योनातान उसे ऐसा नहीं करने देगा और सम्भवतः उसके विरुद्ध युद्ध करेगा उसने उसे बन्दी बनाने और उसे मार डालने की योजना बनायी। इसलिए वह चल कर बेत-शान आ पहुँचा। 41योनातान उसका सामना करने के लिए चालीस हज़ार चुने हुए योद्धा ले कर बेत-शान गया। 42त्रीफोन ने जब देखा कि वह इतनी बड़ी सेना ले कर उस से मिलने आया है, तो उसे उस पर आक्रमण करने का संकोच हुआ। 43त्रीफ़ोन ने उसका आदरपूर्वक स्वागत किया, अपने मित्रों से उसका परिचय कराया, उसे उपहार दिये और अपने सभी मित्रों एवं अपनी सेना को आदेश दिया, “तुम लोग मेरी बात की तरह योनातान की बात भी मानो।“ 44उसने योनातान से कहा, “आपने इतने लोगों को क्यों कष्ट दिया, जब कि हम दोनों में कोई युद्ध नहीं है? 45लोगों को अपने-अपने घर भेज दें। अपना साथ देने के लिए कुछ आदमी चुन लें और मेरे साथ पतोलेमाइस चले। मैं वह नगर और अन्य गढ़, शेष सैनिक और सभी पदाधिकारी आपके हाथ दूँगा और इसके बाद मैं घर लौट जाऊँगा। मैं तो इसलिए यहाँ आया ही हूँ।“ 46योनातान ने उस पर विश्वास कर लिया और जैसा उसने कहा था, वैसा ही किया। उसने अपने सैनिकों को चले जाने का आदेश दिया कि वे यूदा देश लौट जायें 47उसने केवल तीन हजार आदमियों को अपने पास रखा। उसने उन मे दो हजार को गलीलिया में रखने का निश्चिय किया और एक हजार को अपने साथ ले जाने का। 48योनातान ने जैसे ही पतोलेमाइस में प्रवेश किया, पतोलेमाइसवासियों ने फाटक बंद कर दिये। उन्होंने उसे पकड़ लिया और उन सब को तलवार के घाट उतार दिया, जो उसके साथ अंदर आये थे। 49इसके बाद त्रीफोन ने सैनिकों और घुडसवारों को गलीलिया और बड़े मैदान की ओर भेजा, जिससे वे वहाँ योनातान के सब आदमियों का विनाश कर दें 50उधर उन लोगों ने यह सुना कि योनातान बंदी बना लिया गया हैं और अपने आदमियों के साथ उसका वध कर दिया गया है। तब वे एक दूसरे को प्रोत्साहन देते हुए शत्रु का सामना करने के लिए पंक्तिबद्ध खडे़ हो गये। 51जिन्होंने उनका पीछा किया, वे यह देख कर लौट गये कि यहूदी अपनी प्राण-रक्षा के लिए लड़ने के लिए तैयार हैं। 52इस प्रकार सभी यहूदी सकुशल यूदा लौट आये। उन्होंने योनातान और उसके आदमियों के लिए विलाप किया। वे बहुत भयभीत थे। समस्त इस्राएल ने महान् शोक मनाया। 53आसपास जितनी अन्य जातियाँ थीं, वे सब यहूदियों का विनाश करना चाहती थीं। 54वे कहती थीं "उसका न तो कोई नेता हैं और न कोई सहायक। अब हम उन से लडेंगी और मनुष्यों बीच से उनका नाम तक मिटा देंगी।"