मक्काबियों का पहला ग्रन्थ

अध्याय 10

1एक सौ साठवें वर्ष अंतियोख एपीफ़ानेस के पुत्र सिकंदर ने नाव से उतर कर पतोलेमाइस पर अधिकार कर लिया। वहाँ के लोगों ने उसका स्वागत किया और वह वहाँ राज्य करने लगा। 2जब राजा देमेत्रियस ने यह बात सुनी, तो वह एक बड़ी सेना ले कर उस से लड़ने चल पड़ा। 3इसके साथ देमेत्रियस ने योनातान के नाम सद््भावपूर्ण पत्र लिखा, जिस में उसने योनातान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। 4उसने सोचा कि जब तक सिकंदर हमारे विरुद्ध उन से मित्रता स्थापित करता है, उसके पहले ही हम उन्हें मित्र बना ले; 5क्योंकि योनातान निश्चित ही याद करेगा कि हमने उसके, उसके भाइयों और लोगों के साथ कैसा बुरा व्यवहार किया था। 6इसलिए उसने योनातान को सेना एकत्र करने, युद्ध-सामग्री जुटाने और अपने को उसका मित्र घोषित करने की अनुमति दी। उसने जिन लोगों को गढ़ में बन्धक के रूप में रखा था, उन्हें उसे लौटाने का आदेश दिया। 7योनातान येरूसालेम आया और वहाँ सब लोगों को और जो गढ़ में थे, उन्हें भी बुला कर उनके सामने वह चिट्ठी पढ़ सुनायी। 8जब लोगों ने यह सुना कि राजा ने उसे सैनिक इकट्ठा करने की अनुमति दे दी है, तो वे भय से काँप उठे। 9गढ़ के लोगों ने उन आदमियों को, जो बन्धक के रूप में पड़े थे, योनातान के हवाले कर दिया और उसने उन्हें उनके माता-पिता को लौटा दिया। 10अब योनातान येरूसालेम में बस गया और नगर के निर्माण और उसकी मरम्मत में लग गया। 11उसने कारीगरों को आज्ञा दी कि वे चारदीवारी फिर से उठायें और सियोन पर्वत के चारों ओर गढ़े पत्थरों से किलाबन्दी करें। उन्होंने ऐसा ही किया। 12तब वे गै़र-यहूदी भाग गये, जो उन गढ़ों में पड़े थे, जिन्हें बक्खीदेस ने बनवाया था। 13प्रत्येक व्यक्ति अपना स्थान छोड़ कर स्वदेश लौट गया। 14केवल बेत-सूर में कुछ ऐसे लोग रह गये जिन्होंने संहिता और आज्ञाओं का परित्याग किया था; क्योंकि यह शरण-नगर था। 15राजा सिकन्दर ने देमेत्रियस द्वारा योनातान से की हुई प्रतिज्ञाओं के विषय में सुना। उसे उन लड़ाइयों और वीरता के कार्यों के विषय में भी बताया गया, जो योनातान और उसके भाइयों ने किये थे और उन कष्टों के सम्बन्ध में भी, जो उन्हें झेलने पडे़ थे। 16वह यह सुन कर बोल उठा, “हम इसके-जैसा आदमी कहाँ पा सकते हैं? हम इसे अपना मित्र बना ले और इस से सन्धि कर लें!“ 17उसने उसके नाम चिट्ठी लिख भेजी। उस में लिखा था: 18“राजा सिकन्दर का भाई योनातान को नमस्कार। 19हमने सुना है कि आप एक वीर और शक्तिशाली योद्धा हैं और हमारे मित्र होने के सर्वथा योग्य है। 20आज हम आप को आपकी जाति का प्रधानयाजक नियुक्त कर रहे हैं और आप को ‘राजा का मित्र’ की उपाधि देते हैं। (उसने उसे एक बैंगनी वस्त्र और सोने का मुकुट भी भेजा।) आप हमारा पक्ष लें और हमारे मित्र बने रहें। 21एक सौ साठवें वर्ष के सातवें महीने में, शिविर-वर्ष के दिन, योनातान ने पवित्र वस्त्र धारण किया। उसने सेना इकट्ठी की और बहुत-से अस्त्र-शस्त्रों का निर्माण किया। 22देमेत्रियस ने जब यह सुना, तो उसने दुःखी हो कर कहा: 23“हमने यह क्यों होने दिया कि हमारे पहले ही सिकन्दर ने यहूदियों को अपना मित्र बना कर अपने पक्ष में कर लिया? 24मैं अभी उनके नाम मैत्रीपूर्ण पत्र लिख कर उन्हें सम्मान और उपहार देने का आश्वासन दूँगा, जिससे वे मुझे अपना सहयोग दें।“ 25इसलिए उसने उन्हें इस प्रकार लिखा: “राजा देमेत्रियस का यहूदी लोगों को नमस्कार। 26हमने सुन रखा है कि आप हमारे साथ हुए समझौते की शर्तों पर कायम रहे, आपने मित्रता का निर्वाह किया और हमारे शत्रुओं का पक्ष नहीं लिया। हम इस से बहुत प्रसन्न हैं। 27आगे भी आप इस तरह हमारे विश्वासी बने रहें। आप इस तरह हमारे लिए जो करेंगे, हम उपकारों द्वारा उसका बदला चुकायेंगे। 28हम आप को कर में छूट और अन्य उपहार देंगे। 29आज से मैं आप को स्वतन्त्र घोषित करता हूँ और सारे यहूदियों पर से व्यक्तिगत कर, नमक का महसूल और राज-उपहार हटा रहा हूँ। 30उपज का एक तिहाई भाग और फलों को आधा भाग, जिस पर मेरा अधिकार था, आज से और आगे कभी आप से नहीं लिया जायेगा! यह बात यूदा तथा उन तीनों जनपदों पर भी लागू होगी, जो आज से सदा के लिए समारिया-गलीलिया से अलग कर यूदा में मिलाये जाते हैं। 31येरूसालेम की पवित्रता बनी रहेगी और वह तथा उसकी सीमा में निवास करने वाले लोग दशमांश तथा करों से एकदम मुक्त रहेंगे। 32मैं येरूसालेम के गढ़ पर अपने अधिकार का परित्याग कर रहा हूँ। वह उस में अपने चुने हुए सैनिकों को रखे, जो उसकी रक्षा करें। 33मैं यूदा के सभी यहूदियों को बिना कुछ लिये मुक्त करता हूँ जो मेरे राज्य में कहीं भी युद्धबन्दी के रूप में रहते हैं। वे सभी अपने घर और अपने पशुओं पर लगाये हुए करों से मुक्त किये जाते हैं। 34सभी महापर्वों, विश्राम-दिवसों, अमावस के दिनों तथा अन्य पर्वों में और महापर्वों के तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक मेरे राज्य के सभी यहूदी बेगार और चुंगी से मुक्त होंगे। 35इन दिनों किसी को यह अधिकार नहीं होगा कि वह उन में किसी पर मुक़दमा चलाये या किसी कारण से उसे तंग करे। 36यहूदियों के तीस हज़ार आदमी राजकीय सेना में भरती किये जायेंगे और जैसा अन्य सभी सैनिकों के लिए निर्धारित है, उन्हें भी वेतन दिया जायेगा। 37उन में कई लोग प्रमुख राजकीय क़िलों में नियुक्त किये जायेंगे और अन्य लोगों को विश्वासिक राजकीय पद दिये जायेंगे। उनके अध्यक्ष और अधिकारी उन्हीं में से चुने जायेंगे और जैसा राजा ने यूदा के लिए निश्चित किया है, वे अपने रीति-रिवाजों का पालन भी कर सकेंगे। 38समारिया से अलग कर यहूदिया में मिलाये हुए तीनों जनपद यहूदिया प्रान्त का भाग माने जायेंगे और उनका एक ही अध्यक्ष होगा, जिससे वे केवल प्रधान याजक के अधीन होंगे। 39मैं पतोलेमाइस और उसके आसपास की भूमि येरूसालेम के मन्दिर को भेंट-स्वरूप दे रहा हूँ, जिससे मन्दिर के आवश्यक ख़र्च का प्रबन्ध हो। 40मैं स्वयं उपयुक्त स्थानों से प्राप्त राजस्व में से प्रति वर्ष चाँदी के पन्द्रह हज़ार शेकेल दूँगा। 41मन्दिर को जो वार्शिक चन्दा मिलना चाहिए और जिसे अधिकारियों ने पिछले वर्षों नहीं दिया, वह फिर चुकाया जायेगा। 42इसके अतिरिक्त चाँदी के पाँच हज़ार शेकेल की वह राशि, जो प्रति वर्ष मन्दिर से प्राप्त होती थी, सेवा करने वाले याजकों को प्रदान की जायेगी। 43जो लोग राज्य-ऋण या अन्य कारण से येरूसालेम के मन्दिर और उसके सारे क्षेत्र में शरण ले चुके हैं, वे और मेरे राज्य में होने वाली उनकी सम्पत्ति सुरक्षित रहेगी। 44मन्दिर बनाने और उसकी मरम्मत करने में जो कुछ लगेगा, वह राजकीय कोष से दिया जायेगा। 45येरूसालेम की चारदीवारी के निर्माण और क़िलाबन्दी में जो कुछ लगेगा, वह भी राजकीय कोष से दिया जायेगा। यही बात यहूदिया की चार दीवारियों पर भी लागू होगी। 46जब योनातान और जनता ने ये बातें सुनीं, तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ। इसलिए उन्होंने इन्हें अस्वीकार कर दिया; क्योंकि वे यह नहीं भूले थे कि देमेत्रियस ने इस्राएल के साथ कैसा दुव्र्यवहार किया और उन्हें कितना सताया था। 47उन्होंने सिकन्दर का पक्ष लेना अधिक उचित समझा, जिसने पहले मित्र होने का प्रस्ताव किया था और उन्होंने उसके जीवन भर उसका साथ दिया। 48तब राजा सिकन्दर ने एक बड़ी सेना तैयार की और देमेत्रियस से युद्ध करने चला। 49दोनों राजाओं की उड़ाई शुरू हो गयी। सिकन्दर की सेना भाग खड़ी हुई। देमेत्रियस ने उसका पीछा किया और उसे हरा दिया। 50युद्ध सूर्यास्त तक चलता रहा, किन्तु अन्त में देमेत्रियस उसी दिन मारा गया। 51इसके बाद सिकन्दर ने मिस्र के राजा पतोलेमेउस के पास दूतों द्वारा यह कहला भेजा: 52“मैं अपने राज्य लौट आया और मुझे अपने पूर्वजों को राजसिंहासन प्राप्त हो गया। देमेत्रियस को हरा कर मैं यहाँ का शासक बन गया हूँ और हमारा देश अब मेरे हाथ आ गया है। 53मैंने उसके विरुद्ध युद्ध किया और वह अपनी सेना के साथ पराजित हो गया। इसके बाद मैं उसके राजसिंहासन पर बैठ गया। 54आइए, जब हम एक दूसरे के मित्र बन जायें। आप अपनी पुत्री का मेरे साथ विवाह कर दें। मैं आपका दामाद बनने का इच्छुक हूँ। मैं आप को और उसे भी आपके योग्य उपहार दूँगा। 55राजा पतोलेमेउस ने यह उत्तर भेजा: “धन्य है यह दिन, जब आप अपने पूर्वजों के देश में लौट आये और उनके राज सिंहासन पर बैठे! 56आपने जो लिखा है, मैं अब वही करूँगा। किन्तु आप पतोलेमाइस तक आयें, जिससे हम एक दूसरे से मिलें और मैं आपका ससुर बनूँ, जैसा आपने कहा है।“ 57पतोलेमेउस एक सौ बासठवें वर्ष अपनी पुत्री क्लेओपात्रा के साथ मिस्र से रवाना हुआ और पतोलेमाइस आया। 58राजा सिकन्दर ने उस से भेंट की और उसने उसे अपनी पुत्री क्लेओपात्रा को दे दिया। उसने पतोलेमाइस में, राजाओं की प्रथा के अनुसार, बड़ी धूमधाम से विवाहोत्सव मनाया। 59राजा सिकन्दर ने योनातान को पत्र लिखा, जिससे वह उस से मिलने आये। 60तब वह धूमधाम से पतोलेमाइस आया और दोनों राजाओं से मिला। उसने उन्हें और उनके मित्रों को चाँदी-सोना और बहुत सारे उपहार दिये और वह उनका कृपापात्र बन गया। 61उस समय इस्राएल के कुछ नीच और धर्मत्यागी लोग राजा से योनातान की शिकायत करने आये; किन्तु राजा ने उन पर ध्यान नहीं दिया, 62बल्कि उसने आज्ञा दी कि यानातान अपने वस्त्र उतार कर बैंगनी वस्त्र धारण करे। ऐसा ही हुआ। 63राजा ने उसे अपने पास बिठाया और अपने पदाधिकारियों से कहा, “इनके साथ नगर जाओ और वहाँ घोषणा करो कि कोई किसी मामले में इनकी शिकायत न करे और इन्हें किसी तरह कष्ट न पहुँचाये“। 64जब उन लोगों ने, जो उस पर अभियोग लगाना चाहते थे, यह देखा कि उसका सम्मान किया जा रहा है, उसके लिए यह घोषणा हो रही है और उसे बैंगनी वस्त्र पहनाया गया है, तो वे सब चले गये। 65राजा ने उसे सम्मानित किया और उसका नाम अपने घनिष्ठ मित्रों की सूची में लिखवाया। उसने उसे सेनापति और राज्यपाल बना दिया। 66इसके बाद योनातान शान्ति और आनन्द के साथ येरूसालेम लौट गया। 67एक सौ पैंसठवें वर्ष में देमेत्रियस का पुत्र देमेत्रियस क्रेत से अपने पूर्वजों के देश आया। 68जब राजा सिकन्दर ने यह सुना, तो उसे बड़ा दुःख हुआ और वह अन्ताकिया लौट आया। 69देमेत्रियस ने अपल्लोनियस को केले-सीरिया का राज्यपाल नियुक्त किया। उसने एक विशाल सेना एकत्रित की और यमनिया के निकट पड़ाव डाला। तब उसने प्रधानयाजक योनातान को यह कहला भेजा: 70केवल आप हमारा विरोध कर रहे हैं। आपके कारण लोग मेरा उपहास और मेरी निन्दा करते हैं। आप पहाड़ी प्रान्तों पर अधिकार कर हमारा विरोध क्यों करते हैं? 71यदि आप को अपनी सेना का गर्व है, तो आप मैदान में उतर आईए वहीं हम दोनों की शक्ति की परीक्षा हो। नगरों की सेना मेरे पक्ष में है। 72पता कीजिए, आप को स्वयं मालूम हो जायेगा कि मैं कौन हूँ और हमारे सहायक कौन हैं। आपको बताया जायेगा की आप हमारे सामने नहीं टिक सकते। आपके पूर्वज अपने देश में ही दो बार पराजित हो चुके हैं। 73आप हमारे घुड़सवारों और विशाल सेना के सामने मैदान में टिक नहीं सकेंगे। वहाँ न पत्थर है, न कंकड़ और न कहीं ऐसा स्थान जहाँ कोई भाग कर शरण लें“। 74अपल्लोनियस की यह बात सुन कर योनातान घबरा गया। उसने दस हज़ार आदमियों के साथ येरूसालेम से प्रस्थान किया। उसका भाई सिमोन भी उसकी सहायता के लिए उसके पास गया। 75योनातान ने याफ़ा के पास पड़ाव डाला। नगरवासियों ने फाटक बन्द कर दिये, क्योंकि अपल्लोनियस का एक दल याफ़ा के भीतर था। 76जब योनातान ने उस पर आक्रमण किया, तो नगरवासियों ने डर कर फ़ाटक खोल दिये और योनातान ने याफ़ा पर अधिकार कर लिया। 77यह सुनकर अपल्लोनियस तीन हज़ार घुड़सवार और एक विशाल सेना ले कर अज़ोत की ओर चल पड़ा, किन्तु वह वास्तव में मैदान की ओर बढ़ना चाहता था; क्योंकि उसे अपने बहुसंख्यक घुड़सवारों का भरोसा था। 78योनातान अज़ोत तक उसका पीछा करता रहा और वहाँ दोनों सेनाओं में युद्ध आरम्भ हो गया। 79अपल्लोनियस ने एक हज़ार घुड़सवार मार्ग में छोड़ दिये, जिससे वे पीछे से योनातान पर आक्रमण करें। 80योनातान को इस बात का पता चला। उसकी सेना घिर गयी और सबेरे से शाम तक उसके आदमी बाणों का शिकार बनते रहे। 81फिर भी, जैसा योनातान ने आदेश दिया था, उसके आदमी डटे रहे। (शत्रु के) घोड़ें थकने लगे। 82इसी बीच सिमोन भी अपनी सेना ले कर आ पहुँचा और उसने पैदल सैनिकों पर आक्रमण किया। घोड़े भी थक चुके थे। सिमोन ने शत्रुओं को हरा दिया और वे भाग खड़े हुए। 83घुड़सवार मैदान में तितर-बितर हो गये। भागने वाले सैनिकों ने अज़ोत पहुँच कर अपने देवालय में शरण ली। 84योनातान ने अज़ोत और उसके आसपास के नगरों में आग लगा दी और उन्हें लूटा। दागोन का मन्दिर और उसके शरणार्थी जल कर राख हो गये। 85तलवार से मारे गये और जलने वाले लोगों की संख्या सब मिला कर लगभग आठ हज़ार थी। 86योनातान ने यहाँ से आगे बढ़ कर अशकलोन के निकट पड़ाव डाला। नगर के लोग बड़ी धूम-धाम से उस से मिलने आये। 87लूट के माल से लदा योनातान अपने लोगों के साथ येरूसालेम लौट आया। 88जब राजा सिकन्दर ने यह बात सुनी, तो उसने योनातान को और सम्मान देने का विचार किया। 89उसने उसे सोने का एक बकसुआ दिया, जो केवल राजकीय सम्बन्धियों को दिया जाता था। इसके अतिरिक्त उसने उसे अक्करोन और उसके आसपास का भूभाग व्यक्तिगत सम्पत्ति के रूप में दे दिया।