1आसपास के गैर-यहूदी लोग यह जान कर बहुत क्रुद्ध हुए कि वेदी बनायी गयी है और पहले की ही तरह मंदिर का प्रतिष्ठान हुआ है। 2उन्होंने निश्चय किया कि वे अपने यहाँ रहने वाले याकूबवंशियों को निर्मूल कर दें और वे इधर-उधर बिखरे हुए यहूदियों को मारने और उन पर अत्याचार करने लगे। 3इसलिए यूदाह ने इदुमैया के अक्रबत्तेने में निवास करने वाले एसाववंशियों पर आक्रमण किया, क्योंकि वे इस्राएलियों को तंग करते थे। उसने उन्हें पराजित कर भगा दिया और लूटा। 4उसे बयानियों की दुष्टता की भी याद आयी, जो लोगों के लिए फंदा-जैसा हो गये थे; क्योंकि वे रास्तों पर उनकी घात में बैठे रहते थे। 5उसने उन्हें उनके बुर्जों में बंद कर घेर लिया और उनका सर्वनाश करने का निश्चय किया। तब उसने बुर्जों और उन में रहने वाले लोगों को, सब कुछ को जला दिया। इसके बाद वह अम्मोनियों के विरुद्ध आगे बढ़ा। 6वहाँ उसे एक बड़ी सेना और बहुत लोग मिले। तिमोथेव उनका नेता था। 7उसने उन से कई लडाइयाँ लड़ी, उन्हें हराया और उनका विनाश कर डाला। 8उसने याजेर और उसके आसपास के गाँव भी अधिकार में कर लिये। तब वह यहूदिया लौट गया। 9तब गिलआद में रहने वाले गैर-यहूदी लोग उस देश के निवासी यहूदियों के विरुद्ध इस नीयत से एकत्रित हुए कि वे उनका सर्वनाश कर दें। इस पर उन्होंने दथेमा गढ़ में शरण ली। 10और यूदाह और उसके भाइयों के नाम पत्र भेजे। उन्होंने लिखा: "गैर-यहूदी हमारा सर्वनाश करने जमा हो गये। 11वे वह गढ घेर लेने की तैयारियाँ कर रहे हैं, जिस में हमने शरण ले रखी हैं। तिमोथेव उनका सेनाध्यक्ष है। 12इसलिए आप लोग आ कर हमें उनके हाथ से छुडाये; क्योंकि हम में बहुत लोग मारे जा चुके हैं। 13और तूबी प्रदेश में रहने वाले हमारे सभी भाइयों का वध किया गया है। उनकी पत्नियों और बच्चों को बंदी बना कर ले जाया गया। उनकी संपत्ति जब्त कर ली गयी और वहाँ लगभग एक हजार आदमी मारे जा चुके है।" 14वे पत्र पढ़ ही रहे थे कि फटे कपडे़ पहले गलीलिया से दूसरे दूत आये। वे भी वैसा ही संदेश लायें। 15उन्होंने कहा, "पतोलेमाइस, तीरुस, सीदोन और गैर-यहूदियों की सारी गलीलिया के लोग हमारा विनाश करने जमा हो गये है"। 16जब यूदाह और लोगों ने यह सुना, तो एक बड़ी सभा बुलायी गयी, जिससे वे इस बात पर विचार-विमर्श करें, कि अपने उन भाइयों का क्या करें, जो कष्ट में है और जिन पर प्रहार हो रहा है। 17यूदाह ने अपने भाई सिमोन से कहा, "अपने लिए आदमी ले लो और गलीलिया जा कर वहाँ अपने भाइयों की रक्षा करो। मैं भाई योनातान को ले कर गिलआद जाऊँगा।" 18उसने रक्षा के लिए जकर्या के पुत्र यूसुफ़ और जनता के अध्यक्ष अजर्या को, सेना के शेष लोगों के साथ, वहीं यहूदिया में छोड़ दिया। 19उसने उन्हें यह आज्ञा दी, "आप इन लोगों के प्रधान रहिए, किंतु जब तक हम नहीं लौटे, आप गैर-यहूदियों के साथ लड़ाई नहीं छेडें"। 20गलीलिया जाने के लिए सिमोन को तीन हजार आदमी दिये गये और गिलआद देश जाने के लिए यूदाह को आठ हजार। 21सिमोन गलीलिया पहुँचा और उसने गैर-यहूदियों से कई युद्ध किये। वे उस से पराजित हो कर भाग गये। 22और उसने उन्हें पतोलेमाइस के फाटक तक खदेड दिया। उन में लगभग तीन हजार आदमी मारे गये। उसने उन्हें लूट भी लिया। 23वह गलीलिया और अरबत्ता के यहूदियों को, उनकी पत्नियों, बाल-बच्चों और उनकी सारी संपत्ति के साथ, सकुशल यहूदिया ले चला। 24इधर यूदाह मक्काबी और उसका भाई योनातान यर्दन पार कर उजाड़खण्ड में तीन दिन यात्रा करते रहे। 25वहाँ उनकी भेंट नबातैयी लोगों से हुई। उन्होंने उनका शांतिपूर्वक स्वागत किया और उन्हें बतलाया कि गिलआद में उनके भाई-बंधुओं पर क्या बीती तथा उन में 26कितने लोग बसोरा, बसोर, अलेमा, खसफ़ो, मकेद और करनईम में घिरे पड़े हैं। ये सब बड़े किला बंद नगर है। 27उन्होंने यह भी बतलाया कि गिलआद के अन्य नगरों में भी लोग घिरे पड़ है और शत्रुओं ने यह निश्चय किया है कि वे अगले दिन उन गढों पर आक्रमण करेंगे, उन्हें अधिकार में कर लेंगे और एक ही दिन में उन सब का विनाश कर डालेंगे। 28यूदाह तुरंत अपनी सेना के साथ मुड़ा और बसोरा के उजाडखण्ड की ओर चल पड़ा। उसने उस नगर पर अधिकार कर लिया और वहाँ के सभी पुरुषों को तलवार के घाट उतार दिया, नगर को पूरी तरह लूट लिया और उसे जला दिया। 29वहाँ से रात को चल कर वह (दथेमा) गढ़ पहुँचा 30सुबह हुई, तो उसके सैनिकों ने यह देखा कि वहाँ असंख्य लोग इकट्ठे पडे हैं। वे उस समय गढ पर अधिकार करने के उद्देश्य से सीढ़िया और अन्य यंत्र ठीक कर रहे थे। गढ़ पर आक्रमण होने ही जा रहा था। 31जब यूदाह ने यह देखा कि आक्रमण प्रारंभ हो गया हैं और युद्ध का भीषण कोलाहल और तुरहियों की ध्वनि नगर में आकाश तक गूँज उठी हैं, 32तो उसने अपने आदमियों से यह कहा, "आज तुम्हें अपने भाइयों के लिए युद्ध करना होगा।" 33वह अपनी सेना को तीन दलों में बाँट कर शत्रुओं पर पीछे से टूट पडा। वे तुरहियाँ बजाते और ऊँचे स्वर में प्रार्थना करते थे। 34जैसे ही तिमोथेव के आदमियों ने देखा कि यह मक्काबी की सेना हैं, तो वे उसके सामने से भाग खड़े हुए। यूदाह ने उन्हें इतनी बुरी तरह हराया कि उस दिन उसके लगभग आठ हजार आदमी खेत आये। 35इसके बाद उसने अलेमा की ओर मुड़ कर उस पर आक्रमण किया और उसे अधिकार में कर लिया, वहाँ के सभी पुरुषों को मार डाला, उसे लूटा और जला दिया। 36वहाँ से चल कर उसने खसफ़ो, मकेद, बसोर और गिलआद के अन्य नगरों पर अधिकार किया। 37इसके बाद तिमोथेव ने एक दूसरी सेना एकत्र की और नदी के उस पार रफ़ोन के सामने पडाव डाला। 38यूदाह ने पडाव की जाँच-पडताल के लिए आदमी भेजे और उन्होंने उसे यह सूचना दी, "हमारे आसपास के सभी गैर-यहूदी उसके साथ हैं, उसकी सेना बहुत बड़ी हैं। 39और किराये के अरब भी उसके पडाव डाले पडे हैं। और आप पर आक्रमण करने को तैयार हैं।" यह सुन कर यूदाह उनका सामना करने निकल पडा। 40तिमोथेव यूदाह और उसके सैनिकों को नदी के पास आते देख अपने सेनापतियों से बोला, "यदि वह हम से पहले नदी के पार कर हम पर आक्रमण करता हैं, तो हम उसके सामने नहीं टिक सकेंगे, वह हमें पराजित कर देगा 41किंतु यदि वह डरता और नदी के उस पार पडाव डाले पडा रहता हैं, तो हम नदी पार करेंगे और उसे जीत लेंगे।" 42यूदाह धारा के किनारे पहुँचा और उसने नदी के पास जनता के अधिकारियों का पहरा बैठा कर उन्हें यह आदेश दिया, ’कोई भी यहाँ डेरा नहीं डाले; सब को युद्ध करने जाना है"। 43सेना के पहले ही वह स्वयं नदी पार कर गया और सब लोग उसके पीछे हो लिये। गैर-यहूदी उन से पूरी तरह पराजित हुए। उन्होंने अपने शस्त्र फेंक कर करनईम के मंदिर में शरण ली। 44यहूदियों ने नगर को अपने अधिकार में कर लिया और मंदिर और उस में रहने वालों को, सब को जला दिया। इस प्रकार करनईम यहूदियों के अधीन हो गया और फिर यूदाह का सामना नहीं कर पाया। 45इसके बाद यूदाह ने यूदा देश लौटने के लिए गिलआद में रहने वाले सभी इस्राएलियों को, उनकी पत्नियों, बच्चों और संपत्ति के साथ, एकत्र किया। वे बड़ी संख्या में जमा हो गये। 46वे चलते-चलते एफ्रोन पहुँचे जो एक बड़ा किलाबंदी नगर था। उसके दायें-बायें कोई मार्ग नहीं था। उसे पार करना ज़रूरी था। 47उस नगर के निवासियों ने उन्हें रोक दिया और फाटक बंद कर पत्थर लगा दिये। 48यूदाह ने उसके यहाँ दूत भेज कर शांति का यह प्रस्ताव किया, "अपने देश पहुँचने के लिए हम अपनी भूमि पार करना चाहते है। कोई आप को हानि नहीं पहुँचायेगा। हम उसे केवल पैदल पार करना चाहते हैं।" किंतु वे उसके लिए फाटक खोलने को राजी नहीं हुए। 49तब यूदाह ने पडाव में घोषणा की कि जो जहाँ हो, वहाँ तैयार हो जाये। 50अतः सैनिक तैयार हो गये। यूदाह पूरे दिन और पूरी रात उस नगर से युद्ध करता रहा। इसके बाद नगर उसके हाथ आ गया। 51उसने सभी पुरुषों को तलवार के घाट उतार दिया, नगर का सर्वनाश किया अैार उसे लूटा। उसने लाशों पर पैर रख कर नगर में प्रवेश किया। 52इसके बाद वे यर्दन पार कर बेत-शान के विस्तृत मैदान की ओर बढ़े। 53यूदाह बार-बार पीछे के लोगों को इकट्ठा करता था और जब तक वे यूदा देश नहीं पहुँचे, जब तक वह मार्ग में लोगों का साहस बँधाता रहा। 54वे हर्ष और उल्लास के साथ सियोन पर्वत पर चढ़े और उन्होंने होम-बलिया चढ़ायी; क्योंकि सभी सकुशल लौट आये थे और उन में एक भी खेत नहीं रहा। 55जब यूदाह और योनातान गिलआद में थे और उनका भाई सिमोन गलीलिया में पतोलेमाइस के सामने पडाव डाले पड़ा था, 56तब जकार्य के पुत्र यूसुफ़ और अजर्या ने, जो सेनापति थे, उसके साहसी कार्यों और उनकी लडाइयों के संबध में सुना। 57उन्होंने कहा, "चलों, हम भी अपना नाम कमायें और आसपास के गैर-यहूदियों से युद्ध करने चले"। 58उन्होंने अपनी सेना को आदेश दिया और वे यमनिया पर आक्रमण के उद्देश्य से निकल पड़े। 59गोरगियस उन से लड़ने नगर से बाहर आया। 60यूसुफ और अज़र्या हार गये और यहूदिया की सीमा तक खदेड दिये गये। उस दिन इस्राएल के लगभग दो हजार आदमी मारे गये। 61इस तरह लोग बुरी तरह पराजित हुए; क्योंकि उन्होंने यूदाह और उसके भाइयों की बात की चिंता नहीं की थी और सोचा था कि वे अपनी बहादुरी का परिचय दे सकेंगे 62किंतु वे ऐेसे लोग नहीं थे, जिनके हाथों इस्राएल का उद्धार हो सकें। 63इस्राएल भर में और सारे गैर-यहूदियों के बीच, जहाँ कहीं वीर यूदाह और उसके भाइयों की चर्चा होती, उन्हें सर्वत्र सम्मान की दृष्टि से देखा जाता। 64लोग आते और उन्हें बधाइयाँ देते। 65यूदाह अपने भाइयों के साथ चल पड़ा और उसने दक्षिण में रहने वाले एसाववंशियों से युद्ध किया। उसने हेब्रोन और उसके निटकवर्ती नगरों को पराजित किया, उनके मोर्चें ध्वस्त कर दिये और उनके आसपास के बुर्ज जला दिये। 66इसके बाद वह मरीसा होते हुए फिलिस्तिया की ओर चल पड़ा। 67उस दिन लडाई में कई याजकों की मृत्यु हो गयी, जो अपनी वीरता का परिचय देने के लिए दुःसाहस से लडाई में गये थे। 68फिर यूदाह अजोत की ओर गया, जो फिलिस्तियों के अधिकार में था। उसने उनकी वेदियाँ ध्वस्त कर दी, उनकी देवमूर्तियाँ जला डाली, नगर लूटे और यूदा लौट आया।