1गोरगियस पाँच हजार पैदल सैनिक और एक हजार चुने हुए घुडसवार ले कर रात को ही निकल पड़ा, 2जिससे वह अचानक यहूदियों के पड़ाव पर आक्रमण कर बैठे और उनका विनाश करे। गढ़ में रहने वाले व्यक्ति उनके पथप्रदर्शक बने। 3यूदाह को इसका पता चला और वह अपने वीरों के साथ निकला, जिससे वह अम्माऊस में राजा के शिविर पर उस समय आक्रमण करे, 4जब उसके सैनिक शिविर के बाहर बिखरे हुए हों। 5उधर जब गोरगियस रात में यूदाह के पड़ाव में घुसा, तो वहाँ उसे कोई नहीं मिला। वह उन्हें पहाड़ों पर ढूँढने लगा। उसका विचार था कि वे उन्हें देख कर भाग गये हैं। 6पौ फटते ही यूदाह तीन हजार सैनिकों के साथ मैदान में दिखाई पड़ा, किंतु उनके पास ऐसे कवच और तलवारें नहीं थी, जैसे वे चाहते थे। 7उन्होंने देखा कि विदेशियों का शिविर पक्का और सुरक्षित है और युद्ध के अनुभवी घुड़सवार उसके चारों ओर पहरा दे रहे हैं। 8यूहाद ने अपने अनुयायियों से कहा, "इनकी बड़ी संख्या देख कर हताश मत हो। इनके आक्रमण से मत डरो। 9याद करो कि हमारे पूर्वज लाल समुद्र के तट पर तब बच निकले थे, जब फिराउन ने अपनी सेना ले कर उनका पीछा किया था। 10अब हम स्वर्ग के ईश्वर की दुहाई करे, जिससे वह हम पर दया करे, हमारे पूर्वजों के लिए ठहराया हुआ अपना विधान याद करे और आज हमारे सामने उस सेना को रौंद डाले। 11इस से सब विदेशी जान जायेंगे कि कोई ऐसा है, जो इस्राएल का उद्धारक और रक्षक हैं।" 12विदेशियों ने जब अपनी आँखे ऊपर उठायी, तो उन्होंने यहूदियों को आक्रमण करने आते देखा। 13और वे उनका सामना करने पडाव से बार आये। यूदाह के आदमियों ने तुरहियाँ बजायीं 14और वे शत्रु पर टूट पडे। विदेशी सेना हार गयी और मैदान की ओर भाग खड़ी हुई। 15जो पिछली पंक्ति में थे, सैनिकों को गज़ेर और इदुमैया के मैदानों, अज़ोत और यमनिया तक भगा दिया गया। उन में लगभग तीन हजार आदमी मारे गये। 16जब यूदाह अपने सैनिको के साथ उनका पीछा करने के बाद लौटा, 17तो उसने लोगों से कहा, "लूट का लालच मत करो। हमें और भी लडना हैं, 18क्योंकि गोरगियस और उसकी सेना पहाड़ पर हमारे निकट हैं। तुम अब हमारे शत्रुओं का डट कर सामना करो और उन्हें पराजित करो। इसके बाद निश्चिंत हो कर लूट जमा करो।" 19यूदाह बोल ही रहा था कि शत्रुओं का दल पहाड़ पर से उनका निरीक्षण करता हुआ दिखाई पड़ा। 20उस दल के लोगों ने देखा कि अपने साथी शिविर जलाने के बाद भाग गये हैं। वे शिविर से उठता हुआ धुआ देख समझ गये कि क्या हुआ है। 21वे यह देख कर बडे़ भयभीत हुए जब उन्होंने यह भी देखा कि यूदाह की सेना मैदान में लडने के लिए तैयार खड़ी है, 22तो वे सभी फिलिस्तियों के देश भाग गये। 23इसके बाद यूदाह ने पडाव लूटना प्रारंभ किया। उन्हें बहुत सोना और चाँदी, असली रंग के नीले और लाल वस्त्र तथा बहुत सारा माल मिला। 24वे लौट कर भजन गाते और स्वर्ग के ईश्वर को धन्यवाद देते रहे-"वह भला है; उसका प्रेम अनंत काल तक बना रहता है"। 25उस दिन इस्राएल का अपूर्व ढंग से उद्धार हुआ। 26विदेशियों में जो बच निकले थे, वे लीसियस के यहाँ गये और उन्होंने उसे यह सारा हाल बताया। 27वह यह सुन कर घबराया और हताश हो गया; क्योंकि उसने इस्राएल के विषय में जैसा सोचा था, वैसा नहीं हो सका और राजा ने जो आज्ञा दी थी, वह पूरी नहीं हो सकी। 28उसने दूसरे वर्ष यहूदियों से लडने के लिए आठ हजार चुने हुए पैदल सैनिक और पाँच हजार घुड़सवार एकत्रित किये। 29उन सब ने इदुमैया पहुँच कर बेत-सूर के पास पडाव डाला। यूदाह दस हजार आदमियों को ले कर उनका सामना करने आ पहुँचा। 30वह उस बड़ी सेना को देख कर इस प्रकार प्रार्थना करने लगा, "धन्य हैं तू, इस्राएल के उद्धारक! तूने अपने सेवक दाऊद द्वारा भीमकाय योद्धा का प्रहार विफल कर दिया और साऊल के पुत्र योनातान और उसके शस्त्रवाहक के हाथ में फिलिस्तियों की सेना दे दी। 31अब इन सेना को भी अपनी प्रजा इस्राएल के हाथ में दे, जिससे वे अपनी सेना और अपने घुडसवारों पर लज्जित हो जायें। 32उन्हें भयभीत कर, उनका अहंकार चूर-चूर कर दे। उन्हें इस तरह पराजित कर कि वे हताश हो जायें। 33उन्हें अपने भक्तों की तलवार के शिकार होने दे, जिससे वे सब, जो तुझे जानते हैं, भजन गा कर तेरी स्तुति कर सकें।" 34इसके बाद वे एक दूसरे से जूझ पडे। लीसियस की सेना के लगभग पाँच हजार आदमी युद्ध में मारे गये। 35जब लीसियस ने अपनी सेना की हार और यूदाह की सेना की निर्भकता देखी और यह भी देखा कि यहूदी जीवन या मरण का विचार किये बिना साहसपूर्वक लड़ रहे हैं, तो वह अन्ताकिया लौट गया। वहाँ वह यहूदिया पर फिर आक्रमण करने विदेशियों की और बड़ी सेना एकत्र करने लगा। 36उस समय यूदाह और उसके भाइयों ने यह कहा, "हमारे शत्रु हार गये। हम जा कर मंदिर का शुद्धीकरण और प्रतिष्ठान करें।" 37समस्त सेना एकत्र हो गयी और सियोन के पर्वत की ओर चल पड़ी। 38वहाँ उन्होंने देखा कि मंदिर उजाड़ हैं, वेदी अपवित्र की गयी हैं और फाटक जला दिये गये हैं। आंगनों में जंगल या पहाड की तरह झाड़-झंखाड़ उग आये हैं और उपशालाएँ भी ध्वस्त पड़ी हैं। 39यह देख उन्होंने अपने वस्त्र फाड़े, सिर पर राख डाली और भारी विलाप किया। 40वे मुँह के बल गिर पड़े और तुरहियों के बजाये जाने पर उन्होंने ईश्वर की दुहाई दी। 41उसी समय यूदाह ने सैनिकों को आदेश दिया कि जब तक मंदिर का शुद्धिकरण पूरा नहीं होता, तब तक वे गढ़ में रहने वाले लोगों से लड़ते रहें। 42उसने ऐसे याजक चुने, जो अनिन्द्य थे और संहिता के उत्साही समर्थक थे। 43तब उन्होंने मंदिर को शुद्ध किया और दूषित पत्थरों को ले जा कर अशुद्ध स्थान पर फेंक दिया। 44इसके बाद उन्होंने आपस में विचार-विमर्श किया कि अपवित्र की गयी होम-बलि की वेदी का क्या किया जाये। 45उनके मन में यह अच्छा विचार आया कि वे उसे गिरा दें, जिससे वह उनके कलंक का कारण न बने; क्योंकि विदेशियों ने उसे अपवित्र कर दिया था। 46उन्होंने वह वेदी गिरा दी और उसके पत्थर मंदिर की पहाड़ी पर तब तक के लिए किसी सुयोग्य स्थान पर रख दिये, जब तक कोई नबी आ कर उनके विषय में उन्हें नहीं बताता। 47इसके बाद उन्होंने अनगढ़े पत्थरों से, जैसा कि संहिता में निर्धारित है, पहली वेदी के नमूने पर नयी वेदी बनायी। 48उन्होंने मंदिर और मंदिर का भीतरी भाग बनाया और आंगनों को शुद्ध किया। 49फिर उन्होंने नयी पवित्र सामग्रियाँ बनवा कर दीपवृक्ष, धूप की वेदी और मेज मंदिर में रख दी। 50इसके बाद उन्होंने वेदी पर धूप चढ़ायी और दीपवृक्ष के दीये जलाये, जिससे मंदिर जगमगा उठा। 51उन्होंने मेज़ पर रोटियाँ रखी और परदे लटकाये। इस प्रकार उन्होंने वह सारा काम पूरा किया, जिसे उन्होंने प्रारंभ किया। 52एक सौ अड़तालीसवें वर्ष के नौंवे महीने-अर्थात् किसलेव-के पच्चीसवें दिन, लोग पौ फटते ही उठे 53और उन्होंने होम की जो नयी वेदी बनायी थी, उस पर विधिवत् बलि चढ़ायी। 54जिस समय और जिस दिन गैर-यहूदियों ने वेदी को अपवित्र कर दिया था, उसी समय और उसी दिन भजन गाते और सितार, वीणा तथा झाँझ बजाते हुए उन्होंने वेदी का प्रतिष्ठान किया। 55सब लोगों ने दण्डवत् कर आराधना की और ईश्वर को धन्य कहा, जिसने उन्हें सफलता दी थी। 56वे आनंद के साथ होम, शांति तथा धन्यवाद का यज्ञ चढा कर आठ दिन तक वेदी के प्रतिष्ठान का पर्व मनाते रहें। 57उन्होंने मंदिर का अग्रभाग सोने की मालाओं तथा ढालों से विभूशित किया, फाटकों तथा याजकों की शालाओं को मरम्मत किया और उनमें दरवाजे लगाये। 58लोगों में उल्लास था और उन पर लगा हुआ गैर-यहूदियों का कलंक मिट गया। 59यूदाह ने अपने भाइयों तथा इस्राएल के समस्त समुदाय के साथ यह निर्णय किया कि प्रति वर्ष इसी समय, अर्थात् किसलेव के पच्चीसवें दिन से ले कर आठ दिन तक वेदी के पुनः प्रतिष्ठान का पर्व उल्लास तथा आन्नद के साथ मनाया जायेगा। 60उसी समय उन्होंने सियोन पहाड़ी के चारों ओर ऊँची दीवार और सुदृढ़ बुर्ज बनाये, जिससे विदेशी उसका विनाश नहीं कर सकें, जैसा वे पहले कर चुके थे। 61यूदाह ने उस में एक रक्षक-सेना रखी। इसके अतिरिक्त उसने बेत-सूर को भी किलेबंद कर दिया, जिससे वह इदुमैया के विरुद्ध जनता का एक सुदृढ़ गढ़ हो।