1मत्तथ्या का पुत्र यूदाह, जो मक्काबी कहलाता था, उसका उत्तराधिकारी बना। 2उसके सभी भाइयों और उन सब लोगों ने, जो उसके पिता के पक्ष में थे, उसका साथ दिया। 3वे इस्राएल के लिए सहर्ष लड़ते रहे। उसने अपनी जाति के लिए यश कमाया, उसने भीमकाय योद्धा की तरह कवच पहना और अपने अस्त्र-शस्त्र धारण किये। वह लड़ता और अपनी तलवार से शिविर की रक्षा करता रहा। 4वह युद्ध मे सिंह-जैसा था, सिंहशावक-जैसा, जो शिकार पर गरजता है। 5उसने जगह-जगह विधर्मियों का पता लगाया और उनका पीछा किया। जो लोग उसकी जाति पर अत्याचार करते थे, उसने उन्हें जला दिया। 6उसके आतंक से विधर्मी लोग दब गये और सब कुकर्मी घबरा गये। उसने अपने बाहुबल से उद्धार का मार्ग प्रशस्त्र किया। 7उसने बहुत से राजाओं को तंग किया, किंतु याकूब को उस से सुख मिला। उसके नाम का यश सदा गाया जायेगा। 8उसने यूदा के नगरों में जा-जा कर दुष्टों को वहाँ से भगाया और इस्राएल पर से ईश्वर का प्रकोप दूर किया। 9उसका नाम संसार के सीमांतों तक फैल गया। उसने उन्हें एकत्र किया, जिनका विनाश निकट था। 10अपल्लोनियस ने इस्राएल से लडने के लिए गैर-यहूदियों और समारिया के निवासियों की एक बड़ी सेना तैयार की। 11जैसे ही यूदाह को इस बात कर पता चला, वह उसका सामना करने निकला। उसने उसे पराजित किया और उसका वध किया। बहुत-से लोग घायल हुए और मारे गये शेष योद्धा भाग खडे़ हुए। 12उन्होंने उनका सामान लूटा। यूदाह ने अपल्लोनियस की तलवार ले ली और बाद में जीवन भर युद्ध में उसका उपयोग किया। 13जब सीरिया के सेनापति सेरोन ने सुना कि यूदाह ने अपने अनुयायियों की सैना तैयार रखी है, 14तो उसने कहा, "मैं नाम कमाऊँगा, राज्य में ख्याति प्राप्त करूँगा। मैं यूदाह और उसके अनुयायियों को पराजित करूँगा, जो राजा की अवहेलना करते हैं।" 15इसलिए उसने इस्राएलियों से बदला लेने के लिए विधर्मियों की एक बड़ी सेना तैयार की और उसके साथ प्रस्थान किया। 16वह बेतहोरोन के चढाव तक ही आ सका था कि उस समय यूदाह अपना छोटा-सा दल ले कर उसका सामना करने पहुँचा। 17यूदाह के योद्धाओं ने अपने विरुद्ध आयी सेना को देख कर उस से कहा, “हमारी संख्या बहुत कम है। हम इतनी बड़ी और शक्तिशाली सेना से कैसे युद्ध करेंगे, इसके सिवा हमें खाने को आज कुछ भी नहीं मिला है और हम थके-माँदे हैं।“ 18यूदाह ने उत्तर दिया, "यह आसानी से हो सकता है कि एक बड़ा दल थोड़े लोगों से हार जाये; क्योंकि थोड़े लोग हो या बहुत बड़ी सेना हो, इसका ईश्वर के लिए कोई महत्व नहीं। 19युद्ध में विजय सेना की विशालता पर नहीं, बल्कि उस शक्ति पर निर्भर है, जो स्वर्ग से मिलती है। 20ये अहंकारी और दुष्ट लोग हमारी पत्नियों और हमारे बच्चों का नाश करने और हमें लूटने हम पर आक्रमण करने आ रहे हैं; 21किन्तु हम अपने प्राणों और अपनी संहिता की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। 22ईश्वर हमारी आँखों के सामने इनका नाश करेगा। तुम इन से मत डरो।" 23यूदाह अपनी बात समाप्त कर अचानक शत्रु पर टूट पड़ा। उसके सामने सेरोन और उसकी सेना का विनाश हो गया। 24उन्होंने बेत-होरोन के उतार से मैदान तक उनका पीछा किया। शत्रु के आठ सौ आदमी मारे गये और बाकी लोग फिलिस्तियों के देश भाग गये। 25तब लोग यूदाह और उसके भाइयों से डरने लगे और आसपास के गैर-यहूदियों पर उनका आतंक छा गया। 26उसकी ख्याति राजा के कानों तक पहुँच गयी और यूदाह की युद्धकुशलता की चरचा सर्वत्र होने लगी। 27यह सुन कर राजा अन्तियोख आग-बबूला हो उठा। उसने अपने राज्य के सब योद्धाओं को बुलाया और एक विशाल सेना एकत्र हो गयी। 28उसने अपने कोष से सैनिकों को वर्ष भर का वेतन दिया और यह आज्ञा दी कि वे हर स्थिति के लिए तैयार हो जायें। 29उसने देखा कि कोष में पैसा समाप्त हो रहा है और प्रदेशों से कर कम मिल रहा है; क्योंकि देश भर में इसलिए अशान्ति और आतंक फैल रहा था कि उसने प्राचीन काल से चले आ रहे विधि-निषेधों को रद्द कर दिया था। 30उसे डर था कि अब दैनिक खर्च और उन उपहारों के लिए उसके पास धन नहीं बचेगा, जिन्हें वह अब तक इस प्रकार खुले हाथों लुटाता था, जिस प्रकार उसके पहले किसी राजा ने नहीं किया था। 31इस से वह बहुत घबरा गया और फारस के प्रांतों से कर वसूलने और बहुत-सा धन एकत्र करने के उद्देश्य से उसने वहाँ जाने का निश्चय किया। 32उसने लीसियस नामक कुलीन और राजवंशी मनुष्य को फरात नदी से ले कर मिस्र की सीमा तक के राज्य पर नियुक्त किया। 33और लौटने तक उसे अपने पुत्र अंतियोख की शिक्षा-दीक्षा का भार सौंपा। 34उसने उसके हाथ आधी सेना और अपने हाथी दिये और उसे अपनी सब योजनाएँ, विशेष कर यहूदियों और येरूसालेम के निवासियों के संबंध में बता दीं। 35उसने कहा कि वह उनके विरुद्ध एक ऐसी सेना भेजे, जो इस्राएल की शक्ति और येरूसालेम के बचे हुए लोगों का सर्वनाश करने और वहाँ उनकी स्मृति मिटाने में समर्थ हो। 36इसके बाद वह उनके क्षेत्र में विदेशियों को बसा दे और चिट्ठियाँ डाल कर उनका देश बाँट दे। 37सेना का शेष आधा भाग ले कर राजा ने एक सौ सैंतालीसवें वर्ष अपनी राजधानी अंताकिया से चल कर फरात नदी पार की और वह फारस के पठार की ओर बढ़ा। 38लीसियस ने राजा के मित्रों में इन शक्तिशाली व्यक्तियों को चुना- दोरिमेनस के पुत्र पतोलेमेउस, निकानोर और गोरगियस को 39उसने उन्हें चालीस हजार पैदल सैनिक और सात हजार घुडसवार दिये, जिससे वे यूदा देश पर आक्रमण कर राजा के आज्ञानुसार उसका विनाश कर दें। 40वे अपनी सारी सेना ले कर निकल पडे और उन्होंने अम्माऊस के पास के मैदान में पड़ाव डाला। 41जब उस प्रांत के व्यापारियों ने इस विषय में सुना, तो वे बहुत-सी-सोना-चाँदी तथा हथकड़ियाँ लिये उनके शिविर पहुँचे, जिससे वे इस्राएली दासों को खरीदें। सीरिया से और फिलिस्तियों के देश से एक-एक दल उनका साथ देने आया। 42इधर यूदाह और उसके भाइयों ने देखा कि स्थिति गंभीर है और शत्रुओं की सेना उनके देश में आ गयी है। उन्होंने यह भी सुना कि राजा ने आदेश दे रखा हैं कि उनकी जाति का सर्वनाश कर दिया जाये। 43वे आपस में कहने लगे, "हम अपनी जाति को विनाश से बचायें और अपने पवित्र-स्थान के लिए लड़ें"। 44लोगों की सभा बुलायी गयी, जिससे वे युद्ध की तैयारी करें और दया और अनुकम्पा के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। 45येरूसालेम उजाडखण्ड की तरह निर्जन पड़ा था। उसके निवासियों में न तो कोई नगर आता और न कोई वहाँ से जाता था। मंदिर रौंद गया था। गैर-यहूदी गढ में बस गये; वह विदेशियों का अड्डा बन गया। याकूब से आनंद का विलोप हो गया और बांसुरी-सितार सब मौन हो गये। 46वे एकत्रित हो कर मिस्पा आ पहुँचे, जो येरूसालेम के सामने हैं। मिस्पा में पहले इस्राएलियों का एक प्रार्थना-स्थान था। 47उन्होंने उस दिन वहाँ उपवास किया, टाट ओढ़ा, सिर पर राख डाली और अपने वस्त्र फाडे़। 48जिस प्रकार गैर-यहूदी अपनी देवमूर्तियों के सामने शकुन विचारते हैं, उसी प्रकार उन्होंने संहिता का ग्रंथ खोला। 49वे याजकीय वस्त्र ले आये। उन्होंने प्रथम फल और दशमांश चढाये। उन्होंने उन लोगों को बुलाया, जिनका नाजीर-व्रत पूरा हो चुका था। 50जब उन्होंने स्वर्ग के ईश्वर की दुहाई देते हुए पूछा, "हम इन लोगों के लिए क्या करे, हम इन्हें कहाँ ले जाये? 51तेरा मंदिर रौंदा और अपवित्र किया गया है। तेरे याजक अपमानित हो कर शोक मनाते हैं। 52गैर-यहूदी हमारा विनाश करने एकत्र हो गये हैं। तू जानता है कि वे हमारे साथ क्या करना चाहते हैं। 53हम तेरी सहायता के बिना उनका सामना कैसे कर पायेंगे?" 54इसके बाद उन्होंने तुरहियाँ बजायीं और ऊँचे स्वर में दुहाई दी। 55इसके बाद यूदाह ने लोगों पर सेनापति नियुक्त किये-प्रति हजार, सौ, पचास और दस पर एक-एक अध्यक्ष। 56जो व्यक्ति घर बना रहे थे, जिनका विवाह हाथ में हुआ था या जो दाखबारी लगा रहे थे या जो कायर थे, उनसे उसने संहिता के अनुसार यह कहा कि वे घर लौट सकते हैं। 57सेना ने प्रस्थान कर अम्माऊस के दक्षिण में पडाव डाला। 58यूदाह ने कहा, ’शस्त्र धारण करो, वीरों की संतान की तरह दृढ़ रहो और कल सुबह उन विदेशियों से लड़ने के लिए तैयार रहो, जो हमारा और हमारे पवित्र-स्थान का विनाश करने हम पर आक्रमण करने आये हैं। 59अपनी जाति और पवित्र-स्थान का विनाश देखने से तो यह कहीं अच्छा है कि हम युद्ध में मारे जायें। 60ईश्वर जो चाहता है, वह पूरा हो कर रहेगा।"