मक्काबियों का पहला ग्रन्थ

अध्याय 2

1उन्हीं दिनों योहन के पुत्र सिमओन के पौत्र मत्तथ्या का उदय हुआ, जाा योयारीब के वंश का याजक था। वह था तो येरूसालेम का, किंतु मोदीन में बस गया था। 2उसके पाँच पुत्र थे योहन, जो गद्दी कहलाता था; 3सिमोन, जो थास्सी कहलाता था; 4यूदाह जो मक्काबी कहलाता था; 5एलआज़ार, जो अव कहलाता था और योनातान, जो अफूस कहलाता था। 6जब मत्तथ्या ने यूदा और येरूसालेम में होने वाली ये घृणित बातें देखी, 7तो उसने कहा, धिक्कार है मुझे! क्या मेरा जन्म इसीलिए हुआ कि मैं अपनी जाति का नाश और पवित्र नगर का पतन देखूँ और जब नगर शत्रुओं के हाथ में आ गया और पवित्र-स्थान विदेशियों के पंजे पड़ गया, तब भी हाथ-पर-हाथ धरे बैठा रहूँ? 8उसका मंदिर उस व्यक्ति के समान हो गया है, जिसकी प्रतिष्ठा छिन गयी है। 9उसके महिमामय पात्र लूट लिये गये, उसके बच्चों की हत्या उसकी गलियों में की गयी है, उसके युवक और युवतियाँ तलवार के घाटे उतारे गये हैं। 10ऐसा राष्ट्र कौन हैं, जिसने उसके राजकीय वैभव का कुछ लिया न हो और उस से कुछ लूटा न हो? 11उसकी सारी शोभा, उस से छीन ली गयी। जो स्वतंत्र थी, अब दासी बन गयी। 12हमारा मंदिर, हमारा सौन्दर्य और हमारी महिमा नष्ट हो गयी है। गैर-यहूदियों ने उसे अपवित्र किया। 13तो हमें जीवन से क्या?" 14तब मत्तथ्या और उसके पुत्रों ने अपने वस्त्र फाड़े और टाट पहन कर भारी विलाप किया। 15राजा के पदाधिकारी, जो लोगों को स्वधर्मत्याग के लिए बाध्य करते थे, बलिदानों का प्रबंध करने मोदीन नामक नगर पहुँचे। 16बहुत-से इस्राएली उन से मिल गये किंतु मत्तथ्या और उसके पुत्र अलग रहे। 17राजा के पदाधिकारो ने मत्तथ्या को सम्बोधित करते हुए कहा, "आप इस नगर के प्रतिष्ठित और शक्तिशाली नेता हैं। आप को अपने पुत्रों और भाइयों का समर्थन प्राप्त हैं। 18आप सर्वप्रथम आगे बढ़ कर राजाज्ञा का पालन कीजिए, जैसा कि सभी राष्ट्र, यूदा के लोग और येरूसालेम के निवासी कर चुके हैं। ऐसा करने पर आपके पुत्र राजा के मित्र बनेंगे और सोना चाँदी और बहुत-से उपहारों द्वारा आपका और आपके पुत्रों का सम्मान किया जायेगा।" 19मत्तथ्या ने पुकार कर यह उत्तर दिया, "साम्राज्य के सभी राष्ट्र भले ही राजा की बात मान जायें, सभी आपने पुरखों का धर्म छोड़ दें और राजा के आदेशों का पालन करें, 20किंतु मैं, मेरे पुत्र और मेरे भाई-हम अपने पुरखों के विधान के अनुसार ही चलेंगे। 21ईश्वर हमारी रक्षा करे, जिससे हम उसकी संहिता और उसके नियमों का परित्याग न करें। 22हम राजा की आज्ञाओं का पालन नहीं करेंगे और अपने धर्म का किसी भी प्रकार से उल्लंघन नहीं करेंगे। 23मत्तथ्या ने इन शब्दों के तुरंत बाद एक यहूदी राजा के आदेशानुसार मोदीन की वेदी पर बलि चढ़ाने के लिए सब के देखते आगे बढा। 24इस पर मत्तथ्या का धर्मोत्साह भड़क उठा और वह आगबबूला हो गया। उसने क्रोध के आवेग में आगे झपट कर उस यहूदी को वेदी पर मार डाला। 25उसने बलि के लिए लोगों को बाध्य करने वाले पदाधिकारी का वध किया और वेदी का विध्वंस किया। 26इस प्रकार मत्तथ्या ने पीनहास के सदृश संहिता के प्रति अपना उत्साह प्रदर्शित किया- पीनहास ने इसी तरह सालू के पुत्र ज़िम्री का वध किया था। 27इसके बाद मत्तथ्या ने नगर भर में घूमते हुए ऊँचे स्वर से पुकार कर यह कहा, "जो संहिता के प्रति उत्साही हैं। और विधान को बनाये रखने के पक्ष में हैं, वे मेरे पीछे चले आयें"। 28इसके बाद वह और उसके पुत्र नगर में अपनी सारी संपत्ति छोड़ कर पहाड़ों पर भाग गये। 29उस समय बहुत-से लोग, जिन्हें धर्म और न्याय प्रिय था, उजाड़ प्रदेश जा कर वहाँ बस गये। 30वे अपने बच्चों, पत्नियों और पशुओं को भी साथ लेते गये; क्योंकि वे अत्याचार के बोझ से दबे जा रहे थे। 31येरूसालेम के दाऊदनगर में रहने वाले राजकीय पदाधिकारियों और सेना को यह बात बतलायी गयी कि कुछ लोगों ने राजाज्ञा अवहेलना कर उजाड़खण्ड के गुप्त स्थानों में शरण ली है, 32तो उन में एक बड़ा दल पीछा करने निकला और उनके पास पहुँच कर उनके सामने पडाव डाला उन्होंने विश्राम के दिन उन पर आक्रमण किया। 33उन्होंने उन से कहा, "बहुत हुआ। निकलों और राजा की आज्ञा मानो, तभी जीवित रह सकोगे।" 34उन्होंने उत्तर दिया, "हम नहीं निकलेगे। हम न तो राजा की आज्ञा मानेंगे और न विश्राम-दिवस को अपवित्र करेंगे।" 35तब उस दल ने उन पर आक्रमण कर दिया; किंतु उन्होंने उनका सामना नहीं किया। 36उन्होंने न उस पर पत्थर मारे और न छिपने के स्थान बंद किये; 37क्योंकि उनका कहना था, "हम सब निर्दोष मरना चाहते हैं। आकाश और पृथ्वी साक्षी है कि तुम हमें अन्याय से मार रहे हो।" 38उस दल ने विश्राम के दिन उन पर आक्रमण किया और वे, उनकी पत्नियाँ, उनके बच्चे और उनके पशु-सभी मार डाले गये। प्रायः एक हजार लोग मारे गये। 39जब मत्तथ्या और उसके मित्रों को इस बात का पता चला, तो उन्होंने उनके लिए विलाप किया। 40वे एक दूसरे से कहने लगे, "यदि हम भी वैसा ही करेंगे, जैसा हमारे भाइयों ने किया; यदि हम अपने प्राणों और रीति रिवाजों के लिए गैर-यहूदियों से नहीं लड़ते, तो पृथ्वीतल से हमारा सर्वनाश शीघ्र हो जायेगा"। 41इसलिए उस दिन उन्होंने यह निश्चय किया: "यदि कोई विश्राम के दिन हम पर चढाई करेगा, तो हम उस दिन भी उसका सामना करेंगे, जिससे हम सब की मृत्यु न हो, जैसे हमारे भाइयों की मृत्यु उजाड़खण्ड में हुई थीं। 42उसी समय हसीदियों का समुदाय भी उन में आ मिला। वे इस्राएल के वीर पुरुष थे और सब संहिता के उत्साही अनुगामी थे। 43जो लोग भीषण अत्याचार के कारण भाग गये, वे उनसे मिले और इस प्रकार उनका सामर्थ्य बढता रहा। उन्होंने एक सेना का संगठन किया। 44उन्होंने क्रुद्ध होकर अपने धर्मोत्साह में पापियों और दुष्टों का वध किया। जो शेष रह गये, उन्होंने अपनी प्राण-रक्षा के लिए गैर-यहूदियों की शरण ली। 45मत्तथ्या और उसके मित्र इधर-उधर घूम-घूम कर वेदियों को ढाहने लगे। 46और इस्राएल की सीमा में जो भी शिशु ऐसा मिलता, जिसका खतना नहीं हुआ था, उसका बलपूर्वक खतना नहीं हुआ था, उसका बलपूर्वक खतना कराते थे। 47उन्होंने अहंकारियों को भगा दिया और वे अपना उद्देश्य पूरा करने में सफल हुए। 48उन्होंने राष्ट्रों और राजाओं से संहिता की रक्षा की और पापी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। 49जब मत्तथ्या की मृत्यु का समय निकट आया, तो उसने पुत्रों से कहा, "इन दिनों घमण्ड तथा अवज्ञा का बोलबाला है। यह विपत्ति तथा भीषण प्रकोप का समय है। 50मेरे पुत्रों! तुम संहिता के पालन में उत्साह दिखाओ और अपने पूर्वजों के विधान के लिए अपने प्राण अर्पित करो। 51याद रखों कि उन्होंने अपने समय में क्या-क्या किया था और तुम्हें बड़ी प्रतिष्ठा तथा अमर यश मिलेगा। 52क्या इब्राहीम परीक्षा के समय दृढ़ नहीं रहे और इस कारण वह धार्मिक नहीं माने गये? 53यूसुफ ने विपत्ति में नियम का पालन किया और वह मिस्र के शासक बन गये। 54हमारे पूर्वज पीनहास में ईश्वर के प्रति उत्साह था और इसलिए यह विधान निर्धारित किया गया कि उन्हें और उनके वंशजों को सदा याजकपद प्राप्त होगा। 55योशुआ ने आदेशों का पालन किया और इसलिए वह इस्राएल के न्यायाधीश हो गये। 56कालेब ने सभा में सच्चा साक्ष्य दिया और उन्हें दायभाग मिला। 57दाऊद निष्ठावान् थे और उन्हें एक चिरस्थायी राज्य का सिंहासन प्राप्त हुआ। 58संहिता के लिए एलियाह का उत्साह कभी मंद नहीं हुआ और वह स्वर्ग में आरोहित कर लिये गये। 59हनन्या, अजर्या और मीशाएल अपने विश्वास के कारण जलती हुए भट्टी से बच निकले। 60दानिएल निर्दोष थे और सिंहों के जबड़ों से बच निकले। 61इस प्रकार सब पीढ़ियों पर विचार कर देख लो कि जो उस पर भरोसा रखते हैं, वे विचलित नहीं होते। 62पापी मनुष्य की धमकियों से मत डरो, क्योंकि उसका वैभव घूरे और कीड़ों के लिए है। 63वह आज प्रतिष्ठित हैं, किंतु कल उसका कहीं पता नहीं चलेगा; क्योंकि जहाँ से वह आया था, उसी धूल में वह मिल गया है और उसकी सब योजनाएँ व्यर्थ हो जायेंगी। 64मेरे पुत्रो! तुम संहिता की रक्षा में साहसी और दृढ़ रहो, क्योंकि वह तुम्हें महिमा प्रदान करेगी। 65देखो, मैं जानता हूँ कि तुम्हारा भाई सिमोन बुद्धिमान है। तुम सदा उसकी मानों, वही तुम्हारा पिता होगा। 66यूदाह मक्काबी बचपन से ही शारीरिक शक्ति में सब से बढकर है, वही तुम्हारा सेनापति होगा और वह जनता के लिए युद्ध करेगा। 67तुम उन सब को अपने पास एकत्र करो, जो संहिता का पालन करते हैं और अपनी जाति का बदला चुकाओं। 68तुम गैर-यहूदियों को जैसे को तैसा दण्ड दो और संहिता को पालन करो। 69इसके बाद उसने उन्हें आशीर्वाद दिया और वह अपने पूर्वजों से जा मिला। उसकी मृत्यु एक सौ छियालीसवें वर्ष हुई। 70उसे उसके पूर्वजों के मोदीन-अवस्थित समाधिस्थान में दफनाया गया। सारे इस्राएल ने उसकी मृत्यु पर बड़ा शोक मनाया।