यूदीत

अध्याय 9

1यूदीत अपने सिर पर राख डाले अपने वस्त्र उतार कर मात्र टाट ओढ़े मुँह के बल गिर पड़ी। जब येरूसालेम के प्रभु के मन्दिर में उस दिन सन्ध्या की धूप चढ़ायी जा रही थी, ठीक उसी समय यूदीत ने उच्च स्वर में प्रभु से प्रार्थना करते हुए कहा, 2"प्रभु! मेरे पूर्वज सिमओन के ईश्वर! तूने उसके हाथ में तलवार दी थी, जिससे वह उन विजातियों से बदला ले, जिन्होंने एक कन्या को दूषित और अपमानित करने के लिए उसका कमरबन्द खोला था और उसे वस्त्र खोल कर उसका शील भंग किया। और यह उन्होंने तेरे मना करने पर किया था। 3इसीलिए तूने उनके नेताओं को वध के लिए छोड़ दिया और उनकी उस शय्या को रक्त से सींचा, जिस पर उन्होंने यह निन्दनीय कार्य किया था। तूने दासों के साथ शासकों को और शासकों को उनकी गद्दियों पर मारा। 4तूने उनकी पत्नियों को लुटने के लिए और उनकी पुत्रियों को बन्दी बनने के लिए छोड़ दिया और तूने उनकी सम्पत्ति अपनी उन प्रिय सन्तानों को दे दी, जिन में तेरे लिए बड़ा उत्साह था, जो अपने रक्त के दूषण से दुःखी थे और जिन्होंने तेरी सहायता माँगी थी। ईश्वर! मेरे ईश्वर! मुझ विधवा की प्रार्थना स्वीकार कर! 5पहले जो हुआ था और बाद में जो हुआ, यह बस तेरा ही कार्य है। तूने वर्तमान और भविष्य की योजना की। तू जिन घटनाओं की योजना करता है, वे पूरी हो जाती है। 6वे तेरे सामने आ कर कहती है, ’देख! हम प्रस्तुत है’। तेरे सभी मार्ग प्रशस्त है और तू पूर्वज्ञान के आधार पर निर्णय करता है। 7अस्सूरियों की सेना कितनी विशाल है; उन्हें अपने घोड़ों और घुड़़सवारों पर अभिमान है। वे अपने पैदल सैनिकों का घमण्ड करते हैं। उन्हें ढाल, भाले, तीर और गोफन का भरोसा है। वे यह नहीं जानते कि तू वह प्रभु है, जो युद्ध समाप्त करता है। 10मेरे कपटपूर्ण शब्दों द्वारा दास के साथ स्वामी को और स्वामी के साथ दास को मार गिरा। विधवा के हाथ से उनका घमण्ड तोड़। 11तेरी शक्ति न तो विशाल संख्या पर निर्भर है और न तेरा सामर्थ्य शूरवीरों पर। तू दीन-हीन लोगों का ईश्वर है, दलितों का सहायक, बलहीनों का रक्षक, उपेक्षितों का संरक्षक और निराश जनों का उद्धारक है। 12हाँ, मेरे पिता के ईश्वर! इस्राएल के दायभाग के ईश्वर स्वर्ग और पृथ्वी के स्वामी! समुद्रों के सृष्टिकर्ता! समस्त सृष्टि के अधीश्वर! तू मेरी प्रार्थना सुन। 13तू मेरे कपटपूर्ण शब्दों द्वारा उन लोगों पर प्रहार कर, उन्होंने तेरे विधान, तेरे पवित्र मन्दिर, सियोन पर्वत और तेरी प्रजा के निवास के विरुद्ध कुचक्र रचा है। 14अपनी सारी प्रजा, अपने सभी वंशों पर यह प्रकट कर कि तू समस्त सामर्थ्य और बल का ईश्वर है और तेरे सिवा इस्राएली जाति का कोई रक्षक नहीं।"