1राज देमेत्रियस एक सौ बहत्तरवें वर्ष अपनी सेना एकत्रित कर मोदिया गया, जिससे वह त्रीफोन से लडने में वहाँ से सहायता प्राप्त करे। 2जब फ़ारस और मोदिया के राजा अर्साकेस ने यह सुना कि देमेत्रियस उसके देश के भीतर आ गया है, तो उसने अपना एक सेनापति भेजा, जिससे वह उसे जीवित ही पकड़ लाये। 3वह चल पड़ा और उसने देमेत्रियस की सेना को पराजित कर देमेत्रियस को बंदी बनाया और उसे अर्साकेस के सामने ले आया। उसने उसे बंदीगृह में डाल दिया। 4सिमोन के शासनकाल में यूदा भर में शांति का साम्राज्य था वह लोगों के कल्याण के लिए सक्रिय रहता था। जनता उसके अधिकार और वैभव से संतुष्ट थी। 5उसने याफ़ा को अधिकार में कर अपने राज्य का विस्तार किया, उसे बंदरगाह बनाया और समुद्र के द्वीपों का मार्ग खोला। 6उसने अपने राष्ट्र की सीमाओं का विस्तार किया और अपने देश का दृढ़तापूर्वक शासन किया। 7उसने बहुत-से यहूदी युद्धबंदी विदेश से एकत्र किये। उसने गेजे़र, बेत-सूर और गढ़ पर अधिकार किया। उसने गढ़ का शुद्धीकरण कराया। ऐसा कोई नहीं रह गया, जो उसका सामना करें। 8सब शांतिपूर्वक अपने खेत जोतते थे भूमि अपनी फसल उगाती थी, मैदान के पेड़ अपने फल देते थे। 9चैकों में बैठ कर बडे़-बूढ़े अपनी समृद्धि की ही चरचा किया करते थे। नवयुवक भड़कीले आभूषण और युद्ध के वस्त्र पहनते थे। 10वह नगरों को खाद्य-सामग्री देता और उनकी किलाबंदी करता था। इस प्रकार उसके महिमामय नाम की चर्चा पृथ्वी के सीमांतों तक होती थी। 11वह देश में शांति बनाये रखता था और इस्राएल में बड़ा आनंद था। 12प्रत्येक व्यक्ति अपनी दाखलता और अंजीर के पेड के नीचे बैठता था। ऐसा कोई नहीं था, जो उन्हें डर दिखाये। 13ऐसा कोई नहीं था, जो उनके देश पर आक्रमण करें। उन दिनों राजाओं को रौंदा जाता था। 14वह अपनी प्रजा के सब दीन-हीन लोगों की संभाला करता था। वह संहिता के लिए उत्साह दिखाता और सब विधर्मियों एवं दुष्टों का दमन करता था। 15उसने मंदिर की शोभा बढ़ायी और उसे बहुसंख्यक पात्रों से समृद्ध किया। 16रोम और स्पार्ता के लोग भी योनातान की मृत्यु का समाचार सुन कर बहुत दुःखी हुए। 17जब उन्होंने यह सुना कि उसका भाई सिमोन उसकी जगह प्रधानयाजक बन गया है और देश तथा उसके नगरों का शासक है, 18तो उन्होंने उसके भाई यूदाह और योनातान के साथ मित्रता और संधि का जो संबंध स्थापित किया था, उसे दोहराने के लिए उसके पास काँसे के पत्तरों पर लिखा हुआ पत्र भेजा। 19उसे येरूसालेम में सभा के सामने सुनाया गया। 20स्पार्तावासियों के पत्र की प्रतिलिपि इस प्रकार है: ’प्रधानयाजक सिमोन, नेताओं, याजकों और अन्य यहूदियों-अपने भाइयों को स्पार्ता के पदाधिकारियों और नगर का नमस्कार। 21आप लोगों ने हमारे यहाँ जो दूत भेजे, उन्होंने हमें आपके यश और आपकी प्रतिष्ठा के विषय में बताया। उनके आगमन से हमें बड़ी प्रसन्ना हुई। 22उन्होंने हमें जो बताया, उसे हमने परिषद के कार्य विवरण में इस प्रकार लिपिबद्ध किया: अंतियोख के पुत्र नूमेनियस और यासोन के पुत्र अंतीपातेर हमारे यहाँ यहूदियों के दूतों के रूप में इस उद्देश्य से आये कि वे हमारे साथ मित्रता का संबंध फिर से स्थापित करें। 23जनता ने उन दूतों का सम्मान के साथ स्वागत करने और उनके वक्तव्य की प्रतिलिपि राज्य के अभिलेखागार में रखने का निश्चय किया, जिससे स्पार्ता के लोगों को उसकी याद कायम रहें। उसकी एक प्रतिलिपि प्रधानयाजक सिमोन को भेजी गयी।" 24इसके बाद सिमोन ने नूमेनियस को पाँच सत्तर किलों सोने की एक बड़ी-सी ढाल के साथ रोम भेजा, जिससे रोमियों के साथ संधि स्थायी हो जाये। 25जब लोगों ने इस विषय में सुना, तो वे कहने लगे, "हम सिमोन और पुत्रों के प्रति अपना आभार कैसे प्रकट करे? 26वह स्वयं एक वीर योद्धा हैं, उनके भाई और उनके सारे कुटुम्बी हमारी ओर से इस्राएल के शत्रुओं के विरुद्ध लड़ते रहे और उन्होंने हमें स्वतंत्रता प्रदान की।" उन्होंने काँसे की पाटियों पर एक अभिलेख अंकित किया और उसे सियोन पर्वत के स्तम्भों पर लगाया। 27उस अभिलेख की प्रतिलिपि इस प्रकार हैः "एक सौ बहत्तरवें वर्ष के एलूल मास के अठारहवें दिन, परमश्रद्धेय प्रधानयाजक सिमोन के तीसरे वर्ष, 28याजकों, लोगों, राष्ट्र के शासकों और देश के नेताओं ने मंदिर के प्रांगण की सभा में निम्नलिखित बातों पर विचार किया। 29जब देश भर में लड़ाइयाँ चल रही थीं, तब सिमोन ने, जो मत्तथ्या के पुत्र और यहोयारीब के वंशज है और उनके भाइयों ने मन्दिर और संहिता की रक्षा के लिए अपने को ख़तरे में डाल कर अपने राष्ट्र के शत्रुओं का सामना किया और इस प्रकार उन्होंने अपना राष्ट्र गौरवमय बनाया। 30योनातान ने राष्ट्र में एकता की स्थापना की और वह उनके प्रधानयाजक बन गये। जब वह अपने पूर्वजों के पास दफनाये गये, 31तो यहूदियों के शत्रु घुस कर उनका देश लूटना और मंदिर पर अधिकार करना चाहते थे। 32उस समय सिमोन अपने राष्ट्र के लिए लड़ने को उठ खड़े हुए। उन्होंने राष्ट्रीय सेना की सज्जा और सैनिकों के वेतन के लिए अपनी व्यक्तिगत संपत्ति का एक बड़ा भाग खर्च किया। 33उन्होंने यूदा के नगर किलाबंद किये और सीमा पर अवस्थित बेत-सूर को भी, जहाँ पहले शत्रुओं का शस्त्रागार था और वहाँ एक रक्षक-सेना रखी। 34उन्होंने समुद्रतट पर अवस्थित याफ़ा को किलाबंद किया और गेजे़र को भी, जो अजोत के पास है और जहाँ पहले शत्रु निवास कते थे। उन्होंने वहाँ यहूदियों को बसाया और उनकी जीविका का पूरा प्रबंध किया 35लोगों ने देखा कि सिमोन ईमानदार है और अपने राष्ट्र को गौरवशाली बनाना चाहते थे। उन्होंने सिमोन को अपना शासक और प्रधानयाजक नियुक्त किया; क्योंकि वह यह सब किया करते, अपनी जाति को न्याय दिलाते, उसके प्रति ईमानदार थे और वह हर तरह अपने लोगों की उन्नति करना चाहते थे। 36सिमोन उस समय सफल हुए-उन लोगों को, जिन्होंने येरूसालेम के दाऊदनगर में अपने लिए एक गढ बनवाया था? जहाँ वे छापा मारा करते, मंदिर के आसपास का क्षेत्र दूषित करते और मंदिर की पवित्रता को बड़ी हानि पहुँचाते थे। 37उन्होंने वहाँ यहूदी सैनिक रखे और देश तथा नगर की सुरक्षा के लिए उसे सुदृढ़ बनाया तथा येरूसालेम की चारदीवारी और ऊँची करायी। 38तब राजा देमेत्रियस ने प्रधानयाजक के पद उनकी नियुक्ति की पुष्टि की, 39उन्हें अपना मित्र बनाया और बड़ा सम्मान दिया। 40उसने सुन रखा था कि रोमी यहूदियों को अपने संधिबद्ध मित्र और भाई मानते हैं और सिमोन के राजदूतों का वहाँ बडे़ आदर से स्वागत किया था; 41यह भी कि यहूदी और याजक इस बात पर सहमत हैं कि जब तक कोई निष्ठावान् नबी नहीं होगा, तब तक सिमोन ही लोगों के शासक और प्रधानयाजक रहेंगे। 42उसने यह भी सुना था कि वही उनके सेनापति और मंदिर के प्रबंधक हैं, उनके सब निर्माण-कार्यों, प्रदेश, शस्त्र-भण्डार और गढ़ों के अध्यक्ष हैं, 43सभी उनकी बात मानते हैं, देश भर की राजाज्ञाएँ उनके नाम पर निकाली जाती हैं और वह बैंगनी वस्त्र और सोने के आभूषण पहनते हैं। 44जनता और याजकों में किसी को अधिकार नहीं कि वह इस व्यवस्था में परिवर्तन करे या सिमोन के आदेशों का उल्लंघन करे, उनकी अनुमति के बिना देश में सभा का आयोजन करे और बैंगनी वस्त्र या सोने का अभूषण पहने। 45जो इस व्यवस्था के नियमों का उल्लंघन करेगा या उन में कोई परिवर्तन करेगा, वह दोषी माना जायेगा।" 46सभी लोग सिमोन को ये अधिकार प्रदान करने के पक्ष में थे। 47सिमोन ने सहमति प्रकट की और उसने प्रधानयाजक, सेनापति, यहूदियों और याजकों का अध्यक्ष और सब का शासक बनना स्वीकार किया। 48यह भी निश्चित किया गया कि इन बातों को काँसे के पत्तरों पर लिखा जाये और उन्हें मदिर के किसी सार्वजानिक स्थान पर लगाया जाये, 49उनकी एक प्रतिलिपि सिमोन और उसके वंशजों के लिए कोष में रख दी जायें