टोबीत

अध्याय 12

1टोबीत ने विवाहोत्सव के बाद अपने पुत्र टोबीयाह को बुला कर उस से कहा, "हमें उस व्यक्ति को, जो तुम्हारे साथ गया, वेतन के सिवा कुछ और देना चाहिए"। 2उसने कहा, "पिताजी! मैं उसे कितना वेतन दूँ? मैं जो धन अपने साथ लाया, यदि मैं उसे उसका आधा भाग देता, तो भी मुझे कोई कमी नहीं होती। 3उसने मुझे सुरक्षित वापस पहुँचाया, मेरी पत्नी को स्वस्थ किया, मेरे साथ रूपया ले आया और आप को स्वस्थ किया। मैं उसे कितना दे दूँ?" 4टोबीत ने उस से कहा, "बेटा! यह उचित है कि तुम जो धन लाये हो, उसका आधा भाग उसे दिया जाये"। 5टोबीयाह ने उसे बुलाया और कहा, "जो कुछ तुम अपने साथ ले आये, उसका आधा भाग वेतन के रूप में स्वीकार करो और सकुशल विदा लो"। 6इस पर रफ़ाएल ने दोनों को एकान्त में बुला कर उन से कहा, "ईश्वर का धन्यवाद कीजिए और सब प्राणियों के सामने यह घोषित कीजिए कि उसने हमारा कितना उपकार किया है। उसके नाम के आदर में धन्यवाद और स्तुतिगान कीजिए। ईश्वर के सत्कार्य प्रकट करने में संकोच मत कीजिए। 7राजा का रहस्य अवश्य गुप्त रखना चाहिए, किन्तु ईश्वर के कार्य घोषित करना और योग्य रीति से उसकी स्तुति करना उचित है। भलाई कीजिए और बुराई आपके पास नहीं फटकेगी। 8प्रार्थना तथा उपवास और भिक्षादान तथा धार्मिकता उत्तम हैं। दुष्टता से संचित धन-सम्पदा की अपेक्षा धार्मिकता से कमाया हुआ थोड़ा धन भी अच्छा है। भिक्षादान स्वर्ण-संचय से श्रेष्ठ है। 9भिक्षादान मृत्यु से बचाता और हर प्रकार का पाप हरता है। जो भिक्षादान करता है, उसे पूर्ण जीवन प्राप्त होगा। 10जो पाप और अन्याय किया करते हैं, वे अपने को हानि पहुँचाते हैं। 11मैं आपके लिए पूरा सत्य प्रकट करूँगा और आप लोगों से कुछ भी नहीं छिपाऊँगा। मैं आप से कह चुका हूँ कि राजा का रहस्य अवश्य गुप्त रखना चाहिए, किन्तु ईश्वर के कार्य घोषित करना उचित है। 12जब आप और सारा प्रार्थना कर रहे थे, तो मैं आपकी प्रार्थना ईश्वर की महिमा के सामने प्रस्तुत कर रहा था। जब आप मुरदों को दफ़नाते थे, तो मैं यही करता था। 13जब आप आगा-पीछा किये बिना अपना भोजन छोड़ कर मुरदा दफ़नाने गये, तो मुझे आपकी परीक्षा करने भेजा गया। 14ईश्वर ने मुझे फिर भेजा, जिससे मैं आप को और आपकी बहू को स्वस्थ करूँ। 15मैं स्वर्गदूत रफ़ाएल हूँ। मैं उन सात स्वर्गदूतों में से एक हूँ, जो प्रभु की महिमा के सामने उपस्थित रहते हैं।" 16यह सुन कर दोनों घबरा कर मुँह के बल गिर पड़े और भयभीत हो गये। 17उसने उन से कहा, "मत डरिए। आप को शान्ति मिले! सदा-सर्वदा ईश्वर की स्तुति कीजिए। 18जहाँ तक मेरा सम्बन्ध है, मैं अपनी इच्छा से नहीं, बल्कि ईश्वर की इच्छा से आपके साथ रहा। आप दिन-प्रतिदिन उसका स्तुतिगान कीजिए। 19जब आपने मुझे खाते देखा, तो वह खाने का दिखावा मात्र था। 20अब पृथ्वी पर प्रभु का धन्यवाद कीजिए और ईश्वर के महान् कार्यो का बखान कीजिए। मैं अब उसके पास जा रहा हूँ, जिसने मुझे भेजा है। आपके साथ जा कुछ घटित हुआ, वह सब लिख लीजिए"। स्वर्गदूत ऊपर चल पड़ा। 21जब वे उठे, तो वह अन्तर्धान हो गया। 22उन्होंने ईश्वर को गाते हुए धन्यवाद दिया। वे ईश्वर के महान् कार्यो का बखान करते रहे; क्योंकि उन्हें ईश्वर का दूत दिखाई दिया था।