1वे वहाँ से चल कर नीनवे के पास कासरीन आये। 2तब रफ़ाएल ने कहा, "तुम जानते हो कि हम तुम्हारे पिता को किस हालत में छोड़ गये हैं। 3हम दोनों तुम्हारी पत्नी के पहले चलें और घर में इन लोगों के पहुँचने की तैयारी करें।" 4दोनों साथ आगे बढे़। रफ़ाएल ने कहा, "अपने साथ पित्त ले आओं"। कुत्ता रफ़ाएल और टोबीयाह के पीछे दौड़ता आया। 5इस बीच अन्ना बाहर बैठी हुई अपने पुत्र की राह देख रही थी। 6उसने उसे आते देखा और उसके पिता से कहा, "देखो, तुम्हारा पुत्र और वह व्यक्ति, जो उसके साथ गया था, आ रहे हैं"। 7पिता के पास पहुँचने से पहले रफ़ाएल ने टोबीयाह से कहा, "मैं जानता हूँ कि उनकी आँखें अच्छी हो जायेंगी। 8उन की आँखों पर मछली का पित्त लगाओ। इस से मातियाबिन्द की झिल्ली उनकी आँखों पर से निकल जायेगी और तुम्हारे पिता फिर प्रकाश देख सकेंगे।" 9अन्ना दौड़ते हुए अपने पुत्र से मिली और यह कहते हुए उसे गले लगाया, "बेटा! मैंने तुम को फिर देखा; अब मरने को तैयार हूँ" और वह रोने लगी। 10टोबीत उठ कर लड़खड़ाता हुआ अपने आँगन के द्वार से निकला। 11टोबीयाह हाथ में मछली का पित्त लिये उसके पास आया और उसे सँभालते हुए उसकी आँखों पर फँूक मारी और बोला, "पिताजी! ढारस रखिए!" इसके बाद उसने उन पर दवा लगायी 12और अपने दोनों हाथों से अपने पिता की आँखों के कोरों से मोतियाबिन्द की झिल्ली निकाली। 13टोबीत ने अपने पुत्र को देख कर उसे गले लगाया 14और रोते हुए उस से कहा, "बेटा! मैं तुम को, अपनी आँखों की ज्योति को देखता हूँ" उसने फिर कहा, "धन्य है ईश्वर, धन्य है उसका महान् नाम और उसके सब स्वर्गदूत युग-युग धन्य है; 15क्योंकि उसने मुझे मारा और अब वह मुझे अपने पुत्र टोबीयाह के दर्शन कराता है"। टोबीत और उसकी पत्नी अन्ना आनन्दित को कर घर के अन्दर आये और उन्होंने ऊँचे स्वर में ईश्वर को धन्यवाद देते हुए सबों को बताया कि उनके साथ क्या-क्या हुआ। टोबीयाह ने अपने पिता को बताया कि उसकी यात्रा प्रभु-ईश्वर की कृपा से सफ़ल रही, वह रुपया ले आया, उसने रगुएल की पुत्री से विवाह किया और यह कि वह आने वाली है, क्योंकि यह नीनवे के फ़ाटक पर पहुँच रही है। यह सुनकर टोबीत और अन्ना को बडा आनन्द हुआ 16और वे अपनी बहू की अगवानी करने नीनवे के फाटक गये। जब नीनवे के निवासियों ने देखा कि टोबीत पूर्ण स्वस्थ हो कर चलता-फिरता है और कोई उसका हाथ पकड़ कर उसे नहीं ले चलता, तो उन्हें बड़ा आश्चर्य हुआ। 17उनके सामने ऊँचे स्वर में ईश्वर को धन्यवाद देते हुए टोबीत यह बताता था कि ईश्वर ने उस पर कैसे दया की और उसकी आँखों को अच्छा किया। टोबीत ने अपने पुत्र टोबीयाह की पत्नी सारा के पास आ कर उसे यह कहते हुए आशीर्वाद दिया, " पुत्री ! सकुशल पधारो। पुत्री! 18टोबीयाह के भाइयों में अहीकार और नादाब आनन्दित हो कर उसके पास आये। सात दिन तक विवाहोत्सव मनाया गया और टोबीयाह को बहुत-से उपहार मिले।