नहेम्या

अध्याय 12

1ये वे याजक और लेवी हैं, जो अशलतीएल के पुत्र ज़रुबबाबेल और येशूआ के साथ लौट आये थे: सराया, यिरमया, एज्रा़, 2अमर्या, मल्लूक, हट्टूश, 3शकन्या, रहूम, मरेमोत, 4इद्दो, गिन्नतोई, अबीया, 5मिय्यामिन, माद्या, बिलगा, 6शमाया, योयारीब, यादाया, 7सल्लू, आमोक, हिलकीया, मदाया। येशूआ के समय में यही याजकों और अपने भाई-बन्धुओं के नेता थे। 8ये लेवी थेः येशूआ, बिन्नूई, कदमीएल, शेरेब्या, यूदा, मत्तन्या, जो अपने भाइयों के साथ स्तुतिगान का निर्देश करते थे 9और उस समय बकबुक्या, उन्नी और उनके भाई उनके सामने खड़े रहा करते थे। 10येशूआ योयाकीम का पिता था, योयाकीम एल्याशीब का पिता था, एल्याशीब योयादा का पिता था, 11योयादा योनातान का पिता था और योनातान यद्दूआ का पिता था। 12योयाकीम के समय याजकीय घरानों के मुखिया ये थे: सराया घराने का मराया, यिरमया का हनन्या, 13एज़्रा का मशुल्लाम, अमर्या का यहोयानान, 14मल्लूक का योनातान, शबन्या का यूसुफ़, 15हारिम का अदना, मरायोत का हेलकाय, 16इद्दो का ज़कर्या, गिन्नतोन का मशुल्लाम, 17अबीया का ज़िक्री, मिय्यानि का. . ., माद्या का पिलटाय, 18बिलगा का शम्मूआ, शमाया का यहोनातान, 19फिर योयारीब के घराने का मत्तनय, यदाया का उज़्ज़ी, 20सल्लय का कल्लय, आमोक का एबेर, 21हिलकीया का हशब्या, यदाया का नतनएल। 22एल्याशीब, योयादा, योहानान और यद्दूआ के दिनों में लेवियों और याजकों के घरानों के मुखियाओं के नाम फ़ारस के राजा दारा के शासनकाल तक लिपिबद्ध किये गये। 23एल्याशीब के पौत्र योहानान के समय तक लेवीवंशी घरानों के मुखियाओं के नाम इतिहास-ग्रन्थ में लिपिबद्ध किये गये। 24ये लेवियों के मुखिया थे: हशब्या, शेरेब्या, येशूआ, बिन्नूई, कदमीएल और उनके भाई-बन्धु। वे ईश्वर-भक्त दाऊद द्वारा निर्धारित दलों में बँाट कर और आमने-सामने खड़ा हो कर स्तुति और धन्यवाद के भजन गाते थे। 25मत्तन्या, बकबुक्या, ओबद्या, मशुल्लाम, टलमोन और अक्कूब द्वारपाल थे, जो दरवाज़ों के पास के भण्डारों पर पहरा देते थे। 26ये येशूआ के पुत्र योसादाक के पौत्र योयाकीम के समय, राज्यपाल नहेम्या के समय और याजक तथा शास्त्री एज्ऱा के समय सेवा करते थे। 27जब येरूसालेम की चारदीवारी के प्रतिष्ठान का समय आ गया, तो उस समय लेवियों को उनके सब स्थानों से ढूँढ़-ढूँढ़ कर येरूसालेम ले आया गया, जिससे मंजीरा सारंगी एवं सितार बजाते हुए और धन्यवाद के गीत गाते हुए आनन्द के साथ समारोह मनाया जाये। 28येरूसालेम के आसपास के क्षेत्र से, नटोफ़ातियों के गाँवों से, 29बेतगिलगाल, गेबा और अजमावेत के गाँवों से भी गायकों को एकत्र किया गया; क्योंकि गायक येरूसालेम में बस गये थे। 30याजक और लेवियों ने अपने को पवित्र किया और इसके बाद उन्होंने लोगों, फाटकों और चारदीवारी की भी शुद्धि की। 31इसके बाद मैंने यूदा के मुखियाओं को चारदीवारी के ऊपर भेजा और उनके साथ गायकों के दो विशाल दलों को। एक दल दीवार के ऊपर दाहिनी ओर, कूड़ा-फाटक तक गया। 32होशाया यूदा के आधे मुखियाओं के साथ उसके पीछे चलता था। 33अज़र्या, एज्ऱा, मशुल्लाम, यूदा, 34बेनयामीन, शमाया, यिरमया 35और कुछ अन्य याजक तुरहियाँ बजा रहे थे। ज़कर्या (जिसके पूर्वज योनातान, शमाया, मत्तन्या, मीकाया, ज़क्कूर और आसाफ़ थे 36और उसके भाई-बन्धु शमाया, अज़रएल, मिललय, गिललय, मअय, नतनएल, यूदा और हनानी वे वाद्य बजा रहे थे, जिन्हें ईश्वर-भक्त दाऊद ने बनवा रखा था। शास्त्री एज़्रा उनके आगे-आगे चल रहा था। 37निर्झर-फाटक पर पहुँच कर वे दाऊदनगर की सीढ़ियों से, जहाँ दीवार की चढ़ाई थी, सीधे चढ़े और दाऊद के महल के ऊपर से हो कर पूर्व में अवस्थित जल-फाटक पहुँचे। 38दूसरा दल बायीं ओर गया। मैं आधे लोगों के साथ दीवार के ऊपर उसके पीछे-पीछे चलता था। यह दल भट्ठा-बुर्ज के सामने से हो कर चैड़ी दीवार तक पहुँचा। 39वह एफ्ऱईम-फाटक, यशाना-फाटक, मत्स्यफाटक, हननएल-बुर्ज और हम्मेआ-बुर्ज से निकलते हुए भेड़- फाटक तक आया और निरीक्षण-द्वार पर जा कर रूका। 40अब स्तुतिगान करने वाले दोनों दल ईश्वर के मन्दिर में अपने स्थान पर खड़े हो गये। मैं, मेरे साथ के आधे कुलीन लोग और 41ये याजक अपनी तुरहियाँ लिये वहाँ थे: एल्याकीम, मासेया, मिनयामीन, मीकाया, एलयोएनय, ज़कर्या और हनन्या। 42इनके अतिरिक्त मासेया, शमाया, एलआज़ार, उज़्ज़ी, यहोहानान, मलकीया, एलाम और एज़ेर वहाँ थे। दोनों दल यिज़ह्या के निर्देश पर गाते थे। 43उन्होंने उस दिन उल्लसित हो कर महान् यज्ञ चढ़ाये; क्योंकि ईश्वर ने उन्हें बड़ा आनन्द प्रदान किया था। स्त्रियाँ और बच्चे भी आनन्द मनाते थे। येरूसालेम के आमोद-प्रमोद की ध्वनि दूर-दूर तक फैल गयी। 44उस अवसर पर उन भण्डारों के निरीक्षकों की नियुक्ति की गयी, जिन में चढ़ावे, प्रथम फल, दशमांश और नगरों के आसपास की उपज से संहिता द्वारा निर्धारित याजकों और लेवियों के भाग रखे जाने वाले थे; क्योंकि यूदा के लोग मन्दिर में नियुक्त याजकों और लेवियों 45जो अपने ईश्वर की सेवा और शुद्धीकरण-विधि सम्पन्न करते थे। गायक और द्वारपाल भी दाऊद और सुलेमान के आदेश के अनुसार अपना-अपना निर्धारित कार्य करते थे ; 46क्योंकि प्राचीन काल से, दाऊद और आसाफ़ के दिनों से, गायकों के अध्यक्ष नियुक्त किये गये थे और ईश्वर के आदर में स्तुति और धन्यवाद के गीत गाये जाते थे। 47ज़रुबबाबेल और नेहम्या के समय सभी इस्राएली प्रतिदिन गायकों और द्वारपालों को उनका भाग देते थे और पवित्र चढ़ावों में से लेवियों का निर्धारित भाग अलग करते थे ; लेवी उन में से हारूनवंशी याजकों का भाग अलग करते थे।