1जब एज्ऱा ईश्वर के मन्दिर के सामने दण्डवत् पड़ा हुआ था और पाप स्वीकार करते और रोते हुए प्रार्थना कर रहा था, तो इस्राएली पुरुष, स्त्रियाँ और बच्चे बड़ी संख्या में उसके पास एकत्रित हो गये। लोग फूट-फूट कर रोने लगे। 2एलामवंशी यहीएल के पुत्र शकन्या ने एज्ऱा से कहा, "इस देश के लोगों की विजातीय कन्याओं से विवाह कर हमने अपने ईश्वर के साथ विश्वासघात किया। ऐसा होने पर भी इस्राएल के लिए अभी आशा शेष है। 3हम अपने ईश्वर के सामने यह प्रतिज्ञा करें कि हम आप पर और हमारे-ईश्वर की आज्ञा पर श्रद्धा रखने वाले व्यक्तियों के परामर्श के अनुसार इन सब स्त्रियों और इन से उत्पन्न सन्तान को त्याग देंगे, जिससे संहिता का पालन किया जाये। 4उठिए, यह मामला आपके हाथ में है। हम आपके साथ हैं। आप दृढ़तापूर्वक यह काम पूरा कीजिए।" 5तब एज़्रा ने उठ कर याजकों के नेताओं, लेवियों और सब इस्राएलियों से शपथ खिलवायी कि वे ऐसा ही करेंगे। उन्होंने इसकी शपथ खायी। 6इसके बाद एज्ऱा ईश्वर के मन्दिर के सामने से उठ कर एल्याशीब के पुत्ऱ योहानान के कमरे में गया। उसने वहाँ बिना खाये-पिये रात बितायी, क्योंकि उसे निर्वासित लोगों के विश्वासघात के कारण बड़ा दुःख था। 7अब निर्वासन से लौटे हुए यूदा और येरूसालेम भर में सब रहने वालों को सूचित किया गया कि वे येरूसालेम में एकत्रित हों। 8जो व्यक्ति तीन दिन के अन्दर मुखियाओं और नेताओं की आज्ञा के अनुसार उपस्थित नहीं होगा, उसकी सारी सम्पत्ति ज़ब्त कर ली जायेगी और उसे निर्वासितों के समाज से बहिष्कृत कर दिया जायेगा। 9इसलिए तीन दिन बाद यूदा और बेनयामीन के सब पुरुष येरूसालेम में एकत्रित हुए। नौवें महीने के बीसवें दिन सब लोग ईश्वर के मन्दिर के सामने चैक में बैठे हुए थे। वे इस मामले के डर से और घनघोर वर्षा के कारण काँप रहे थे। 10याजक एज्ऱा ने उठ कर उन से कहा, "तुमने ईश्वर के साथ विश्वासघात किया और विजातीय स्त्रियों से विवाह कर तुमने इस्राएल के दोष को और भी बढ़ाया है। 11अब प्रभु, अपने पूर्वजों के ईश्वर के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लो और उसकी इच्छा पूरी करो। देश के दूसरे लोगों से मेल-जोल मत रखो और विजातीय स्त्रियों का त्याग कर दो।" 12सारी सभा ने ऊँचे स्वर से उत्तर दिया, "ठीक है। जैसा आपने कहा है, हमें वैसा ही करना होगा। 13किन्तु ऐसे लोगों की संख्या बहुत है और अब वर्षा ऋतु है। हम यहाँ चैक में खड़ा नहीं रह सकते। यह मामला तो दो-एक दिन में हल होने का नहीं; क्योंकि हम लोगों में बहुतों ने इस मामले में अपराध किया है। 14हमारे नेता समस्त सभा के नाम कार्य करें और वे सब लोग, जिन्होंने हमारे नगरों में विजातीय स्त्रियों के साथ विवाह किया है, एक निश्चित समय प्रत्येक नगर के नेताओं और न्यायकर्ताओं के साथ आ जायें, जिससे इस सम्बन्ध में ईश्वर का भड़का हुआ क्रोध हम पर से दूर हो जाये।" 15केवल असाएल के पुत्र योनातन और तिकवा के पुत्र यहज़या ने इसका विरोध किया और मशुल्लाम एवं लेवी शब्बतय ने उनका समर्थन किया। 16निर्वासन से लौटे लोगों ने ऐसा ही किया। एज्ऱा ने प्रत्येक घराने से मुखियाओं का चुनाव किया और प्रत्येक को नाम ले कर नियुक्त किया। उन मामलों की जाँच करने के लिए उन्होंने दसवें महीने के पहले दिन एक बैठक की 17और पहले महीने के पहले दिन तक उन्होंने उन सब पुरुषों के मामले तय कर दिये, जिन्होंने विजातीय स्त्रियों से विवाह किया था। 18याजकों में निम्नलिखित व्यक्तियों ने विजातीय स्त्रियों से विवाह किया थाः योसादाक के पुत्र येशूआ के पुत्रों और उसके भाइयों में मासेया, एलीएज़र, यारीब और गदल्या। 19उन्होंने हाथ-पर-हाथ रख कर अपनी पत्नियों को त्याग देने की प्रतिज्ञा की। उन में प्रत्येक ने प्रायश्चित-बलि के लिए एक मेढ़ा दिया। 20इम्मेरे के पुत्रों में हनानी और ज़बद्या 21हारिम के पुत्रों में मासेया, एलीया, शमाया, यहीएल और उज़्ज़ीया। 22पशहूर के पुत्रों में एल्योएनय, मासेया, इसमाएल, नतनएल, योज़ाबाद और एलआसा। 23लेवियों मेंः योज़ाबाद, शिमई, केलाया (अर्थात् कलीटा) , पतह्या, यूदा और एलीएज़र। 24गायकों मेंः एल्याशीब। द्वारपालों मेंः शल्लूम, टेलेम और ऊरी। 25इस्राएलियों मेंः परओश के वंशजों में ये थेः रम्या, यिज़्ज़ीया, मलकीया, मिय्यामिन, एलआज़ार, मलकीया और बनाया। 26एलाम के वंशजों मेंः मत्तन्या, ज़कर्या, यहीएल, अबदी, यरेमोत और एलीया। 27जत्तू के वंशजों मेंः एल्योएनय, एल्याशीब, मत्तन्या, यरेमोत, ज़ाबाद और अज़ीजा। 28बेबय के वंशजों मेंः यहोहानान, हनन्या, जब्बय और अतलय। 29बानी के वंशजों मेंः मशुल्लाम, मल्लूक, अदाया, यशूब, अशाल और यरेमोत। 30पहत-मोआब के वंशजों मेंः अदना, कलाल, बनाया, मासेया, मत्तन्या, बसलएल, बिन्नूई और मनस्से। 31हारमि के वंशजों मेंः एलीएज़र, यिश्शीया, मलकीया, शमाया, सिमओम, 32बेनयामीन्, मल्लूक और शमर्या। 33हाशुम के वंशजों मेंः मत्तनय, मत्तता, ज़ाबाद, एलिफ़ेलेट, यरेमय, मनस्से और शिमई। 34बानी के वंशजों मेंः मादय, आम्राम, ऊएल, 35बनाया, बेद्या, कलूहु, 36वन्या, मरेमोत, एल्याशीब, 37मत्तन्या, मत्तनय और यासाव। 38बिन्नूई के वंशजों मेंः शिमई, 39शेलेम्या, नातान, अदाया, 40मकनदबय, शाशय, शारय, 41अज़रएल, शेलेम्या, शमर्या, 42शल्लम, अमर्या और यूसुफ़। 43नेबों के वंशजों मेंः यईएल, मत्तित्या, ज़ाबाद, ज़बीना, यद्दय, योएल और बनाया।