1राजा दारा की आज्ञा के अनुसार बाबुल के ख़जाने के अभिलेखागार में खोज की गयी 2और मेदिया प्रान्त के एकबतना के गढ़ में एक लेख मिला, जिस में यह लिखा हुआ थाः 3"स्मरण-पत्र: राजा सीरुस ने अपने शासनकाल के प्रथम वर्ष येरूसालेम में ईश्वर के मन्दिर के सम्बन्ध में यह राजाज्ञा निकाली। वह मन्दिर उस स्थान पर फिर बनवाया जाये, जहाँ बलिदान चढ़ाये जाते हैं और जहाँ उसकी नींव है। उनकी ऊँचाई साठ हाथ हो और चैड़ाई साठ हाथ। 4गढ़े पत्थरों की तीन परतें हों और फिर नई लकड़ी की एक परत। इनका ख़र्च राजकीय कोष से दिया जाये। 5ईश्वर के मन्दिर की सोने-चाँदी की वे वस्तुएँ वापस दी जायें, जिन्हें नबूकदनेजर येरूसालेम के मन्दिर से बाबुल ले आया था। वे येरूसालेम के मन्दिर में फिर अपने स्थान पर रखी जायें। वे ईश्वर के मन्दिर में ही रखी जायें। 6"इसलिए नदी के उस पार के क्षत्रप तत्तनय, शतर-बोज़नय और उनके साथी पदाधिकारी-आप इस कार्य से दूर रहें। 7यहूदियों के राज्यपाल और उनके नेताओं को ईश्वर का वह मन्दिर बनाने दें। वे उसे उसके मूल स्थान पर फिर बनायें। 8ईश्वर के उस मन्दिर का निर्माण करने वाले यहूदी नेताओं के साथ आपके व्यवहार के विषय में मेरी राजाज्ञा इस प्रकार हैः राजकीय सम्पत्ति से-अर्थात् नदी के उस पार के राजस्व से-उन लोगों का पूरा-पूरा ख़र्च तत्काल चुकाया जाये। 9स्वर्ग के ईश्वर की होम-बलियों के लिए प्रतिदिन आवश्यक, बछड़े, मेढ़े और मेमने, फिर येरूसालेम के याजकों के निर्देश के अनुसार गेहूँ, नमक, अंगूरी और तेल उन्हें अवश्य दिये जायें, 10जिससे वे स्वर्ग के ईश्वर को सुगन्धित बलि चढ़ा सकें और राजा और उसके पुत्रों की जीवन-रक्षा के लिए प्रार्थना करें। 11मेरी आज्ञा यह भी है कि जो कोई इस राजाज्ञा का उल्लंघन करे, उसके घर से एक बल्ली ले कर खड़ा किया जाये और वह उस पर लटका दिया जाये और इस अपराध के कारण उसका घर मलबे का ढेर बना दिया जाये। 12यदि कोई राजा या प्रजा इस राजाज्ञा में परिवर्तन करे या येरूसालेम में इस मन्दिर का विनाश करे, तो वह ईश्वर, जिसने वहाँ अपना नाम प्रतिष्ठित किया, उनका सर्वनाश करे! मैं -दारा-ने यह राजाज्ञा निकाली। इसका अक्षरशः पालन किया जाये।" 13तब नदी के उस पार के क्षत्रप तत्तनय, शतर-बोज़नय और उनके साथी पदाधिकारियों ने राजा की लिखित आज्ञा का पूरा-पूरा पालन किया। 14नबी हग्गय और इद्दो के पुत्र नबी ज़कर्या की प्रेरणा से यहूदी नेता मन्दिर के निर्माण-कार्य को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाते रहे। उन्होंने वह कार्य पूरा किया, जिसे इस्राएल के ईश्वर और फ़ारस के राजा सीरुस, दारा और अर्तज़र्क़सीस ने उन्हें सौंपा था। 15राजा दारा के छठे वर्ष, अदार महीने के तीसरे दिन, मन्दिर का निर्माण-कार्य पूरा हो गया। 16इस्राएलियों-याजकों, लेवियों तथा अन्य लौटे हुए निर्वासितों-ने आनन्द के साथ ईश्वर के मन्दिर का प्रतिष्ठान-पर्व मनाया। 17ईश्वर के इस मन्दिर के प्रतिष्ठान के समय उन्होंने एक सौ सांँड़ों, दो सौ मेढ़ों, चार सौ मेमनों और इस्राएल के वंशों की संख्या के अनुसार समस्त इस्राएल के पापों के प्रायश्चित्त के लिए बारह बकरों की बलि चढ़ायी। 18इसके बाद उन्होंने येरूसालेम में ईश्वर के मन्दिर के लिए याजकों और लेवियों को अपने दलों में विभाजित किया, जैसा कि मूसा के ग्रन्थ में लिखा हुआ है। 19लौटे हए निर्वासितों ने प्रथम महीने के चैदहवें दिन पास्का-पर्व मनाया। 20याजकों और लेवियों ने शुद्धीकरण की रीतियों को पूरा किया। वे सब-के-सब शुद्ध हो गये। लेवियों ने लौटे हुए निर्वासितों, अपने साथी याजकों और अपने लिए पास्का के मेमने का वध किया। 21निर्वासन से लौटे इस्राएलियों ने उन सब लोगों के साथ पास्का का मेमना खाया, जो देश के गै़र-यहूदियों की अशुद्धता छोड़ कर प्रभु, इस्राएल के ईश्वर की ओर अभिमुख हो गये। 22इसके बाद उन्होंने सात दिन तक उल्लास के साथ बेख़मीर रोटियों का पर्व मनाया; क्योंकि प्रभु ने उन्हें आनन्दित किया था और उनके विषय में अस्सूर के राजा का हृदय बदल दिया था, जिससे उसने इस्राएल के ईश्वर के मन्दिर के काम में उन्हें सहायता दी।