एज़्रा

अध्याय 1

1यिरमियाह द्वारा घोषित अपनी वाणी पूरी करने के लिए प्रभु ने फ़ारस के राजा सीरुस को उसके शासनकाल के प्रथम वर्ष में प्रेरित किया कि वह अपने सम्पूर्ण राज्य में यह लिखित राजाज्ञा प्रसारित करे, 2"फारस के राजा सीरुस कहते हैं: प्रभु, स्वर्ग के ईश्वर ने मुझे पृथ्वी के सब राज्य प्रदान किये और उसने मुझे यहूदियों के येरूसालेम में एक मन्दिर बनवाने का आदेश दिया है। 3ईश्वर उनके साथ रहे, जो तुम लोगों में उसकी प्रजा के सदस्य हैं! वे लोग येरूसालेम में रहने वाले ईश्वर, इस्राएल के ईश्वर, प्रभु का मन्दिर बनाने के लिए येरूसालेम की ओर प्रस्थान करें। 4जहाँ कहीं कोई इस्राएली हो, उस को वहाँ के लोग चाँदी, सोना, सामान, पशुधन और येरूसालेम में रहने वाले ईश्वर के मन्दिर के लिए स्वेच्छित उपहार प्रदान करें।" 5तब यूदा और बेनयामीन के परिवारों के अध्यक्ष, याजक और लेवी-वे सब लोग, जिन्हें ईश्वर से यह प्रेरणा मिली-येरूसालेम में रहने वाले प्रभु का मन्दिर बनवाने के लिए लौटने की तैयारियाँ करने लगे। 6उनके सभी पड़ोसी उन्हें चाँदी, सोना, सामान, पशुधन, बहुत-सी बहुमूल्य वस्तुएँ और स्वेच्छित उपहार दे कर उनकी हर प्रकार की सहायता करते थे। 7राजा सीरुस ने प्रभु के मन्दिर के वे पात्र निकलवा दिये, जिन्हें नबूकदनेज़र ने येरूसालेम से छीन कर अपने देवों के मन्दिर में रख दिया था। 9उनकी संख्या इस प्रकार थी: सोने की तीस थालियाँ, चाँदी की एक हज़ार थालियाँ, उनतीस छुरियाँ, 10सोने के तीस पात्र, चाँदी के चार सौ दस पात्र और एक हज़ार अन्य वस्तुएँ। 11सोने-चाँदी की सब प्रकार की वस्तुओं की संख्या कुल मिला कर पाँच हज़ार चार सौ थी। शेशबज़्ज़र उस समय यह सब अपने साथ ले गया, जिस समय सब प्रवासी बाबुल से येरूसालेम आये।